मल्टी डिसिप्लिनरी कमेटी की सिफारिशों के खिलाफ लोको पायलटों का देशव्यापी प्रदर्शन, कोटा में भी फूटा गुस्सा

मल्टी डिसिप्लिनरी कमेटी की सिफारिशों के खिलाफ लोको पायलटों का देशव्यापी प्रदर्शन, कोटा में भी फूटा गुस्सा

कोटा। लोको पायलटों की कार्य स्थितियों में सुधार के दावों के साथ रेलवे बोर्ड द्वारा लागू की गई मल्टी डिसिप्लिनरी कमेटी की सिफारिशों के खिलाफ देशभर के लोको पायलटों में भारी आक्रोश है। अपनी प्रमुख मांगों को अनदेखा किए जाने से नाराज लोको पायलटों ने ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन (एआईआरएफ) के आह्वान पर सोमवार को कोटा सहित पूरे देश में इन सिफारिशों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

कोटा लॉबी पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के सहायक महामंत्री नरेश मालव ने कमेटी की 4 अप्रैल को जारी सिफारिशों को एकतरफा बताया। उन्होंने कहा कि इन सिफारिशों में लोको पायलटों की महत्वपूर्ण मांगों को शामिल नहीं किया गया है। इनमें मुख्य रूप से 110 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की गति वाली ट्रेनों में सह-लोको पायलट की नियुक्ति, रनिंग स्टाफ को भोजन और लघुशंका के लिए ब्रेक का प्रावधान, मेमू और ईएमयू सहित सभी प्रकार की ट्रेनों में सहायक लोको पायलट की अनिवार्यता, एफएसडी (फ्यूल सैंपलिंग डिवाइस) लाने-ले जाने की जिम्मेदारी से क्रू को मुक्त करना और लोको कैब से कैमरे हटाने जैसी जायज मांगें अनसुनी कर दी गईं हैं। मालव ने इसे रेलवे कर्मचारियों के साथ सीधा अन्याय करार दिया।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लोको पायलटों की इन मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

पदोन्नति में देरी का भी विरोध

इसके अतिरिक्त, कोटा के लोको पायलटों ने सीटीसीसी (सेंट्रलाइज्ड ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर) की कथित मनमानी, गलत ब्रेथ एनालाइजर मशीन का उपयोग, स्क्रीनिंग लिस्ट में अनियमितता और पदोन्नति में हो रही देरी के साथ-साथ नियमों के विरुद्ध सागर क्रैक के संचालन से कर्मचारियों को हो रही अनावश्यक परेशानियों के बारे में भी मंडल के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान यूनियन की लोको शाखा के सचिव आईडी दुबे, कार्यकारी अध्यक्ष मस्तराम जाट और शाखा अध्यक्ष उदय प्रकाश मीणा सहित बड़ी संख्या में लोको पायलट उपस्थित थे, जिन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

#लोकोपायलट #विरोधप्रदर्शन #रेलवे #मल्टीडिसिप्लिनरीकमेटी #एआईआरएफ #कोटा #कर्मचारीअधिकार

G News Portal G News Portal
164 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.