कोटा/चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ स्थित रेलवे रनिंग रूम में बुधवार को अचानक हुई आगजनी की घटना से हड़कंप मच गया। यहाँ विश्राम कर रहे सहायक लोको पायलट और लोको पायलट के बैगों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बैग में रखे वॉकी-टॉकी, मोबाइल और अन्य कीमती सामान जल गए। इस दौरान एक डेकोरेटर (बैटरी उपकरण) के फटने की भी सूचना है।
आग की लपटें देख मौके पर मौजूद लोको पायलट गणपत लाल कुम्हार ने अपना और अपने साथी का सामान बचाने का प्रयास किया। इस कोशिश में वह आग की चपेट में आ गए, जिससे उनके हाथ और पैर झुलस गए हैं। घायल लोको पायलट को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि बैग में रखे रेलवे के वॉकी-टॉकी की बैटरी फटने या शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी। आग की तपिश इतनी अधिक थी कि कमरे में लगा बिजली का बोर्ड भी पूरी तरह पिघल गया। गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त कमरे में ज्यादा कर्मचारी मौजूद नहीं थे, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन अब इस बात की तकनीकी जाँच कर रहा है कि वॉकी-टॉकी या मोबाइल में विस्फोट किस वजह से हुआ, ताकि भविष्य में रनिंग रूम जैसी संवेदनशील जगहों पर ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
#RailwayAccident #Chittorgarh #LocoPilot #SafetyFirst #IndianRailways #BreakingNews #RailwaySafety #KotaDivision
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.