कोटा।सरकार की बहुप्रचारित अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से नवीनीकृत मांडलगढ़ रेलवे स्टेशन इन दिनों अव्यवस्था और लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन गया है। यहां आवारा गायों ने प्लेटफॉर्म और वेटिंग रूम को आरामगाह बना लिया है, जिससे यात्री बुरी तरह परेशान हो रहे हैं।
स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में गायें बेधड़क घूमती और आराम करती नजर आती हैं। इन गायों ने प्लेटफॉर्म पर बिछाई गई लाखों रुपए की टाइल्स पर गोबर कर रखे हैं, जिससे न केवल स्टेशन की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि गंदगी और दुर्गंध से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।
यात्रियों का कहना है कि बारिश से बचने के लिए गायें बार-बार प्लेटफॉर्म में घुस जाती हैं, और स्टेशन स्टाफ के बार-बार भगाने के बावजूद वे लौट आती हैं। इससे साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
यात्री यह भी सवाल उठा रहे हैं कि जब करोड़ों रुपये खर्च कर स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, तो आवारा पशुओं से बचाव के लिए कोई पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
स्थानीय लोग और यात्री रेलवे प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि या तो स्टेशन पर गोशाला जैसी व्यवस्था की जाए, या फिर स्टेशन परिसर को पूरी तरह बंद व सुरक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में यह स्थिति दोबारा न बने।
यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो यह स्टेशन अमृत भारत योजना के बजाय प्रशासनिक विफलता का प्रतीक बनकर रह जाएगा।
#MandalgarhStation #IndianRailwaysFail #AmritBharatYojana #SwachhBharat #GauRakhshaVsVikas