जयपुर: 13 मई 2008 को जयपुर में हुए बम ब्लास्ट में अपने पिता घनश्याम तंवर को खोने वाली नाड़ी का फाटक निवासी मुस्कान तंवर का विवाह संपन्न हो गया। 16 जनवरी को सात फेरों के बाद शुक्रवार सुबह उनकी विदाई हुई। इस भावुक अवसर के साक्षी प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और कई विधायक बने।
मुस्कान की शादी उसी धूमधाम से हुई जैसे पहले 9 अन्य बेटियों की शादियां कराई गई थीं। राजस्थान प्रदेश पंजाबी महासभा, सर्व मंगल सेवा समिति और आर्य समाज ने मिलकर मुस्कान का कन्यादान किया। नए साल 2025 का पहला सावा गुरुवार को था और इसी शुभ अवसर पर आमेर के कुंडा स्थित रोशन हवेली में मुस्कान और देवराज सिंह का विवाह समारोह आयोजित किया गया।
राज्यपाल सहित कई हस्तियों ने दी शुभकामनाएं:
मुस्कान के विवाह में परिवार और रिश्तेदारों के अलावा कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी शिरकत की और नव दंपत्ति को आशीर्वाद दिया। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, कालीचरण सराफ, स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक निंबाराम, मूलचंद, कैलाश, राजपूत समाज से महिपाल मकराना और राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष सरदार अजय पाल सिंह जैसे गणमान्य व्यक्तियों ने मुस्कान को नई जिंदगी की शुरुआत की बधाई दी।
बम धमाकों के समय दस साल की थीं मुस्कान:
मुस्कान ने बताया कि जब जयपुर में बम धमाके हुए थे, तब वह महज दस साल की थीं और उनका छोटा भाई सिर्फ छह महीने का था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। राज्य सरकार ने उनकी मां को नौकरी दी, जिससे परिवार का भरण-पोषण हुआ। लेकिन जब मुस्कान की शादी का समय आया, तो परिवार आर्थिक रूप से असहाय महसूस कर रहा था। तब समाजसेवी रवि नैयर ने आगे बढ़कर शादी की पूरी जिम्मेदारी उठाई।
एक माह से चल रही थीं तैयारियां:
महासभा अध्यक्ष रवि नैयर ने बताया कि सर्व मंगल सेवा समिति और राजस्थानी पंजाबी महासभा के पदाधिकारी पिछले एक महीने से मुस्कान की शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। शादी का जोड़ा, कपड़े, श्रृंगार सामग्री और घर गृहस्थी का सारा सामान समिति द्वारा उपहार स्वरूप दिया गया। रवि नैयर ने बताया कि वे पहले भी नौ बेटियों की शादी करा चुके हैं और मुस्कान की शादी को उन्होंने अपनी बेटी की शादी की तरह ही संपन्न कराया। उन्होंने यह भी कहा कि वे कुछ सालों बाद मुस्कान की छोटी बहन की शादी भी कराएंगे।
मुख्य बातें:
#मुस्कानकीशादी #जयपुरबमब्लास्ट #विवाह #राज्यपाल #उपमुख्यमंत्री #सामाजिकसेवा #कन्यादान #जयपुर #राजस्थान #MuskanWedding #JaipurBombBlast #Marriage #Governor #DeputyCM #SocialService #Rajasthan
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.