भरतपुर। श्री जगन्नाथ पहाड़िया मेडिकल कॉलेज, भरतपुर में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। कॉलेज के एक एमबीबीएस तृतीय वर्ष (2022 बैच) के छात्र ने अपने पीजी हॉस्टल के कमरे में आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक छात्र की पहचान अविरल सैनी (23), पुत्र ख्यालीराम सैनी, निवासी अलवर के रूप में हुई है।
यह घटना शुक्रवार सुबह तब सामने आई, जब छात्र को अपनी तृतीय वर्ष की अंतिम परीक्षा देने जाना था।
हॉस्टल वार्डन राधेश्याम के अनुसार, अविरल मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित एक पीजी हॉस्टल में रहता था।
शुक्रवार को उसका अंतिम पेपर था, जिसके लिए अन्य छात्र सुबह तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान अविरल सैनी ने अपने साथियों से कहा कि "मुझे 8:55 बजे जगा देना" और सोने चला गया।
कुछ देर बाद जब साथी छात्र उसे जगाने के लिए कमरे पर पहुंचे, तो दरवाजा नहीं खुला और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
छात्रों ने खिड़की से झाँककर देखा तो अविरल मृत अवस्था में मिला।
साथी छात्रों ने तुरंत दरवाजा तोड़ा, उसे नीचे उतारा और आरबीएम अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से साथी छात्र और कॉलेज प्रशासन स्तब्ध हैं। कॉलेज परिसर और हॉस्टल के बाहर गमगीन माहौल छा गया है।
वार्डन राधेश्याम ने बताया कि अविरल का व्यवहार हमेशा शांत और सहयोगी था।
वह पढ़ाई में भी अच्छा था और किसी भी छात्र या स्टाफ से उसका कोई विवाद या मनमुटाव नहीं था।
आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को फिलहाल आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के भरतपुर पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंपा जाएगा।
#MBBSछात्र #आत्महत्या #भरतपुरमेडिकलकॉलेज #अविरलसैनी #छात्रकीमौत #मानसिकस्वास्थ्य
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.