भरतपुर। जिले में अवैध खनन और परिवहन के चलते शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बयाना उपखंड के गांव पुराबाई खेड़ा में अपने भाई के साथ स्कूल जा रहे 9वीं कक्षा के छात्र की अवैध चेजा पत्थर से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में दूसरा भाई भी गंभीर घायल हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। ग्रामीण तेज रफ्तार में चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक छात्र के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पुलिस और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
कैसे हुआ हादसा?
गांव पुराबाई खेड़ा निवासी हेमंत दीक्षित ने बताया कि सादपुरा का रहने वाला छात्र पप्पन (14) अपने बड़े भाई आकाश के साथ स्कूल जा रहा था। तभी पुराबाई खेड़ा गांव में जाने वाली मुख्य रोड पर नारौली गांव की ओर से तेज रफ्तार में आई पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने पप्पन में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर ट्रॉली पप्पन को कुचलते हुए निकल गई।
ग्रामीणों ने पीछा कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया, हालांकि उसका ड्राइवर फरार हो गया। हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची मृतक छात्र की मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि रोजाना पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में गांव की रोड से होकर निकलती है। कई बार पुलिस प्रशासन के अफसरों को अवगत कराया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रशासन का आश्वासन
नायब तहसीलदार अंकुर जैन ने बताया कि ग्रामीणों की समझाइश की जा रही है। छात्र की दर्दनाक मौत से गुस्साएं ग्रामीण कार्रवाई नहीं होने तक शव उठाने से इनकार करते रहे। काफी देर समझाइश करने के बाद नायब तहसीलदार के प्रयासों से ग्रामीण मान गए एवं शव उठाने पर राजी हुए। रुदावल सीएचसी में पोस्टमॉर्टम के बाद अन्त्येष्टि के लिये शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मृतक छात्र के गांव सादपुरा में शव की अन्त्येष्टि कर दी गई। शाम तक हादसे को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
मृतक के बारे में जानकारी
मृतक बालक पप्पन सादपुरा निवासी बबलू के तीन बेटों में सबसे छोटा था। पुराबाईखेड़ा के एक निजी स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र था। एक बड़ा भाई आकाश जो आज के हादसे में घायल हुआ है। मृतक छोटे भाई के साथ ही एक ही स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता है। मृतक छात्र के माता-पिता बबलू और विद्यावती दोनों दिहाड़ी मजदूर हैं। हादसे के वक्त बबलू उत्तर प्रदेश के गोवर्धन कस्बे में काम पर गया हुआ था। जबकि मां गांव के ही एक किसान के खेत पर मिर्च तोडऩे की मजदूरी के लिए गई हुई थी। पिता भी हादसे के करीब तीन घण्टे बाद मौके पर पहुंच सका।
#भरतपुर #सड़कहादसा #खननमाफिया #ट्रैक्टर #छात्रकीमौत #ग्रामीणोंकाहंगामा
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.