कोटा | चलती ट्रेन से एक नाबालिग के गिरने और उपचार के दौरान हुई उसकी मौत के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। मामले में पहले से निलंबित चल रहे दो जवानों सहित तीन कांस्टेबलों का कोटा से बाहर स्थानांतरण (Transfer) कर दिया गया है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, निलंबित कांस्टेबल गोकलेश शर्मा को जबलपुर रिजर्व कंपनी और कान्हाराम को जबलपुर हेडक्वार्टर भेजा गया है। इनके साथ ही कांस्टेबल सागर मीणा का भी जबलपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। इन जवानों पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने और एक गंभीर घटना का हिस्सा होने के आरोप हैं।
यह घटना 28 नवंबर की है, जब कोटा-श्रीगंगानगर ट्रेन में आरपीएफ अपराध शाखा के कांस्टेबल गोकलेश शर्मा और कान्हाराम गश्त पर थे। गश्त के दौरान उन्होंने एक नाबालिग को संदिग्ध मानकर पकड़ा था। पुलिस की पकड़ से घबराया हुआ नाबालिग हाथ छुड़ाकर रवांजना डूंगर स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूद गया।
गंभीर रूप से घायल नाबालिग को सवाई माधोपुर अस्पताल और फिर जयपुर रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक कोटा के कुन्हाड़ी इलाके का रहने वाला था और बागरी समुदाय से ताल्लुक रखता था। 'कोटा रेल न्यूज़' द्वारा इस खबर को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभाग ने दोनों जवानों को सस्पेंड कर दिया था।
हैरानी की बात यह है कि बेटे की मौत के बावजूद परिजनों ने अब तक कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं कराया है। जानकारी के अनुसार, परिजन कोटा जीआरपी थाने पहुँचे जरूर थे, लेकिन बिना रिपोर्ट दर्ज कराए वापस लौट गए। चर्चा है कि इस मामले में पर्दे के पीछे आपसी समझौता हो गया है, जिसके कारण कानूनी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।
इस कार्रवाई के बाद कोटा आरपीएफ में हड़कंप मच गया है। सूत्रों की मानें तो कोटा में लंबे समय से जमे कई अन्य जवानों के भी जल्द ही तबादले हो सकते हैं। इनमें वे जवान भी शामिल हैं जिनके खिलाफ विभिन्न मामलों में जांच चल रही है। आरोप लग रहे हैं कि कुछ प्रभावशाली जवान ट्रांसफर रुकवाने के लिए अपनी जांच रिपोर्ट को प्रभावित करने की कोशिशों में जुटे हैं।
#KotaRailwayNews #RPFAction #TransferOrder #RailwaySafety #KotaCrime #JabalpurRPF #MinorDeathCase #RailwayPolice #KotaUpdate
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.