कोटा। कोटा रेल मंडल में ट्रेनों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को भी चलती ट्रेनों में तीन यात्रियों के पर्स और मोबाइल चोरी के मामले सामने आए, जिससे यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यात्रियों ने इन मामलों की शिकायत तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दर्ज कराई है।
यात्रियों ने सुरक्षा एजेंसियों को बताया है कि भवानीमंडी-कोटा के बीच एक सक्रिय चोरों का गैंग काम कर रहा है। अनुमान है कि करीब एक दर्जन महिला-पुरुष इस गैंग के सदस्य हैं और ये ही लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
मंगलवार को हुई तीन प्रमुख घटनाएं:
नई दिल्ली-अंबेडकर नगर (20156): दिल्ली निवासी आरती नामक एक महिला यात्री का पर्स एसी कोच से चोरी हो गया। आरती दिल्ली से उज्जैन जा रही थीं। उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर तक उनका पर्स मौजूद था, लेकिन सवाई माधोपुर-कोटा के बीच यह चोरी हो गया। पर्स में 5 हजार रुपए नगद, मोबाइल तथा जरूरी कागजात थे।
बांद्रा-गोरखपुर अवध एक्सप्रेस (19037): बड़ोदरा निवासी शिवम का मोबाइल चोरी हो गया। शिवम ने यह घटना कोटा में होना बताया है और इसकी शिकायत सवाई माधोपुर में आरटीओ को नोट करवाई।
कोटा-असारवा (19822): इस ट्रेन में सवार एक अन्य महिला यात्री के पर्स से किसी ने मोबाइल चोरी कर लिया। यह घटना ट्रेन के कोटा से रवाना होने के कुछ ही देर बाद हुई।
कोटा रेल मंडल में यह कोई पहली घटना नहीं है। यह उल्लेखनीय है कि मंडल में लगभग रोज ही कई-कई चोरी के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों में डर का माहौल है। यात्रियों ने आरपीएफ और जीआरपी से इस सक्रिय गैंग को पकड़ने और ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
#ट्रेनमेंचोरी #कोटारेलमंडल #यात्रीसुरक्षा #भवानीमंडीकोटा #गैंगसक्रिय
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.