कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चोर दिनदहाड़े एक घर में घुसकर मोबाइल फोन चुरा ले गया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ कैद हो गई है, जिसमें बाइक पर आया चोर स्पष्ट दिख रहा है। मकान मालिक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रंगपुर पुलिया के पास बापू कॉलोनी निवासी आशीष बाजपेई ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनका मकान मुख्य सड़क पर ही है। शुक्रवार सुबह वह अपनी दुकान पर चले गए थे, और उनकी पत्नी गीता पूजा करने के लिए ऊपर छत पर चली गई थीं। इस दौरान घर में नीचे कोई मौजूद नहीं था। तभी एक युवक बाइक पर आया और बिना कुंडी लगे दरवाजे को धक्का देकर घर में घुस गया।
गीता ने छत से ही इस युवक को घर में घुसते हुए देख लिया था। जब तक गीता नीचे आतीं, तब तक युवक ने कमरे में रखा मोबाइल फोन उठाकर अपनी जेब में रख लिया था। जैसे ही गीता नीचे उतरीं, उन्होंने युवक से पूछताछ शुरू कर दी। युवक ने बताया कि वह किराए का कमरा देखने आया था। गीता द्वारा मना करने पर युवक तुरंत अपनी बाइक लेकर वहां से चला गया।
कुछ देर बाद जब गीता ने अपना मोबाइल ढूंढा तो वह गायब मिला। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों के फोन से आशीष को सूचना दी। आशीष ने अपने नंबर पर डायल किया तो फोन स्विच ऑफ आ रहा था। इसके बाद घर पहुंचे आशीष ने मामले की जानकारी ली और पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में घर में घुसा युवक बाइक पर आता-जाता साफ नजर आया। गीता ने इस युवक को पहचान लिया। इसके बाद आशीष ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
19 दिन में दूसरी घटना: पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल यह बापू कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 19 मई को भी इसी कॉलोनी से दिनदहाड़े घर के बाहर खड़ी एक बाइक चोरी हो गई थी। उस घटना में भी बाइक चोरी करते हुए दो चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे और उनके चेहरे भी साफ पहचान में आ रहे थे। इसके बावजूद, पुलिस अब तक उन चोरों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
#कोटा #रेलवेकॉलोनी #चोरी #मोबाइलचोरी #सीसीटीवी #दिनदहाड़ेचोरी #पुलिसजांच #अपराध #सुरक्षाव्यवस्था #बापूकॉलोनी
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.