कोटा: कोटा रेल मंडल में रेलवे बोर्ड के निर्देशों के बावजूद स्टेशन मास्टरों से लगातार नाइट ड्यूटी कराए जाने का मामला सामने आया है। ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन की कोटा शाखा ने इस पर गंभीर चिंता व्यक्त की है और वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक से नियमों का पालन कराने की मांग की है।
एसोसिएशन के अनुसार, मंडल में अभी भी कई ऐसे स्टेशन हैं जहां स्टेशन मास्टरों से लगातार सात रातों तक नाइट ड्यूटी करवाई जा रही है। जबकि रेलवे बोर्ड के स्पष्ट आदेश हैं कि लगातार चार नाइट ड्यूटी का ही रोस्टर लागू किया जाए। इस नियम की अनदेखी के कारण रेल संरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा है।
शुक्रवार को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद मीणा से मुलाकात कर उन्हें इस समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लगातार सात रातों तक विपरीत प्रकृति की ड्यूटी करने से स्टेशन मास्टरों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके चलते स्टेशन मास्टर ब्लड प्रेशर और शुगर जैसी गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं।
एसोसिएशन ने विशेष रूप से सोगरिया से चौड़ाखेड़ी स्टेशनों के बीच सात नाइट ड्यूटी का रोस्टर लागू होने की समस्या को उजागर किया, जहां स्टेशन मास्टर सबसे अधिक परेशान हैं।
इस अवसर पर ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन की कोटा शाखा ने वर्ष 2025 की सदस्यता के रिटर्न गिफ्ट का इनॉगरेशन भी वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद मीणा से करवाया।
इस मौके पर एसोसिएशन के हेमराज मीणा, मंडल सचिव अमृतलाल मीणा, कोटा ब्रांच सचिव दिनेश मिरोठा, रजनीश मीणा, स्टेशन प्रबंधक कोटा विभूति कुमार, स्टेशन प्रबंधक श्यामगढ़ फिरोज सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक इस गंभीर मामले पर ध्यान देंगे और रेलवे बोर्ड के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएंगे ताकि रेल संरक्षा और स्टेशन मास्टरों के स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।
#कोटा #रेलवे #स्टेशनमास्टर #नाइटड्यूटी #रेलसुरक्षा #नियमोंकाउल्लंघन #एसोसिएशन
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.