जयपुर: राजस्थान में संगठित अपराधों पर लगाम कसने के लिए राजस्थान पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में पुलिस मुख्यालय ने लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे दो कुख्यात बदमाशों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। ये दोनों बदमाश कई गंभीर आपराधिक वारदातों में शामिल रहे हैं और लंबे समय से फरार चल रहे थे।
एडीजी (क्राइम ब्रांच) दिनेश एमएन ने बताया कि कुख्यात बदमाश श्यामसुंदर उर्फ सांवरिया उर्फ सांवरा विश्नोई और रमेश कुमार उर्फ रामलाल उर्फ अनिल कुमार विश्नोई की गिरफ्तारी पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है। एडीजी एमएन ने गुरुवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया कि ये दोनों आरोपी कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित हैं और लगातार अपनी उपस्थिति छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान के विभिन्न जिलों और संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एनडीपीएस के दो मामलों में चार साल से फरार श्यामसुंदर: एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि श्यामसुंदर उर्फ सांवरिया उर्फ सांवरा पुत्र लादूराम बिश्नोई बाड़मेर जिले के सोंनगड़ी का निवासी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। पिंडवाड़ा (सिरोही) और सेड़वा (बाड़मेर) में एनडीपीएस के दो मामलों में वह पिछले चार साल से वांछित है।
अपहरण-लूट के मामले में सात साल से वांछित रमेश कुमार: वहीं, दूसरा आरोपी रमेश कुमार उर्फ रामलाल उर्फ अनिल कुमार विश्नोई बाड़मेर के धोरीमन्ना में शिवमंदिर, नेडीनाड़ी के पास का निवासी है। उसके खिलाफ भी विभिन्न थानों में संगीन वारदातों के 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह धोरीमन्ना (बाड़मेर) में अपहरण, जानलेवा हमला और लूट के मामले में पिछले सात साल से वांछित है और पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा है।
पहले था 50-50 हजार का इनाम: एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि जो भी व्यक्ति इन अभियुक्तों को गिरफ्तार करेगा, गिरफ्तार करवाएगा या उनकी गिरफ्तारी के लिए सही और सटीक सूचना देगा, उसे एक-एक लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस पुरस्कार राशि का वितरण जोधपुर रेंज आईजी के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दोनों आरोपियों पर पहले जोधपुर रेंज आईजी ने 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था, जिसे अब निरस्त कर दिया गया है। अब दोनों पर एडीजी (क्राइम ब्रांच) ने एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है।
#RajasthanPolice #CrimeNews #WantedCriminals #BishnoiGang #Reward #Rajasthan #PoliceAction #OrganizedCrime #Barmer #Sirohi"
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.