बूंदी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना की खुली पोल, विकलांग शौचालय के टूटे दरवाजे बने परेशानी का सबब

बूंदी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना की खुली पोल, विकलांग शौचालय के टूटे दरवाजे बने परेशानी का सबब

कोटा, 11 अप्रैल: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत योजना के तहत बूंदी रेलवे स्टेशन पर कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्टेशन पर बने विकलांग शौचालय के दरवाजे टूट गए हैं, जिससे दिव्यांग यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। फाइबर शीट से बने ये टूटे हुए दरवाजे शौचालय के बाहर ही पड़े हुए हैं और कई दिनों से इन्हें ठीक करने या सुरक्षित स्थान पर रखने की कोई जहमत नहीं उठाई गई है।

नियमित यात्रियों ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि टूटे दरवाजे कई दिनों से इसी हाल में पड़े हैं। किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी ने इन्हें ठीक कराने की पहल नहीं की है। मजबूरन विकलांग यात्रियों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जिससे वे परेशान हैं। आम यात्री भी टूटे दरवाजे के ऊपर से होकर गुजर रहे हैं, जिससे यह और भी क्षतिग्रस्त हो रहा है।

पहले भी सामने आ चुके हैं घटिया काम के मामले:

यह पहली बार नहीं है जब बूंदी रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्यों में घटिया गुणवत्ता की शिकायत सामने आई है। पिछले वर्ष निर्माण के दौरान पहली बारिश में ही स्टेशन की छत टपकने लगी थी और दीवारों में सीलन आ गई थी। तत्कालीन डीआरएम मनीष तिवारी ने निरीक्षण के दौरान इस पर कड़ी नाराजगी भी जताई थी। इसी तरह, दीवारों के पास लगाए गए लाल पत्थरों के काम में भी गुणवत्ता की कमी स्पष्ट रूप से देखी गई थी।

बूंदी के अलावा, पश्चिम मध्य रेलवे के अन्य स्टेशनों पर भी अमृत भारत योजना के तहत हुए कार्यों में अनियमितताएं सामने आई हैं। गंगापुर स्टेशन पर घटिया टाइल्स लगाने पर तत्कालीन डीआरएम ने उन्हें उखाड़ने के आदेश दिए थे। हिंडौन स्टेशन पर घटिया ईंटों के इस्तेमाल की शिकायत स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री कार्यालय तक की थी। छबड़ा स्टेशन पर घटिया निर्माण कार्य की शिकायत स्थानीय विधायक प्रताप सिंह साइनी ने की थी। आलोट स्टेशन पर टाइल के ऊपर टाइल लगाने का मामला सामने आया था, वहीं शामगढ़ स्टेशन पर पहली बारिश में छत टपकने की शिकायत मिली थी।

इतनी व्यापक स्तर पर घटिया काम सामने आने के बावजूद, प्रशासन द्वारा जिम्मेदार ठेकेदारों या अधिकारियों पर किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे यात्रियों में रोष व्याप्त है।

#बूंदीरेलवेस्टेशन #अमृतभारतयोजना #घटियाकाम #विकलांगशौचालय #टूटेदरवाजे #यात्रीपरेशान #भ्रष्टाचार #रेलवे #कोटा #लापरवाही

G News Portal G News Portal
150 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.