Rail News Kota: लाखेरी स्टेशन के पास मंगलवार को एक रेलवे ठेकेदार के मजदूर की दो साल की बच्ची की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की खबर सुनकर ठेकेदार लाखेरी से गायब हो गया। बाद में मजदूर माता-पिता ने स्थानीय लोगों के सहयोग से लाखेरी में ही बच्ची का अंतिम संस्कार किया। लाखेरी सिविल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मध्यप्रदेश जिला दतिया महाराजपुरा गांव निवासी महाराज सिंह अपनी पत्नी और दो साल की बच्ची रानी के साथ लाखेरी में मजदूरी करने आया था। यहां पर महाराज सिंह और उसकी पत्नी सोनू नाम के किसी रेलवे ठेकेदार के पास काम रहा था। यह लोग रेल पटरी के पास ही टापरी बनाकर रह रहे थे।
सुबह करीब 11.30 बजे बच्ची की मां रेल पटरी पार करके पानी लेने गई। इसी दौरान बच्ची भी मां के पीछे पटरी पर पहुंच गई। इसी दौरान बच्ची डाउन लाइन पर पहुंची एक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गई। इस घटना में बच्ची करीब 50 मीटर दूर घसिटती चली गई। गर्दन कटने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पता चलते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची सिविल पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर बच्ची का शव माता-पिता को सौंप दिया। लेकिन माता-पिता के पास बच्ची के कफन तक के पैसे नहीं थे। ऐसे में स्थानीय लोगों की मदद से माता-पिता ने अपनी बच्ची को दफनाया।
इस घटना के बाद ठेकेदार सोनू मौके से फरार हो गया। रेलवे ने भी मामले को गंभीरता से लेना जरूरी नहीं समझा। बच्ची के माता-पिता को शाम का खाना भी मोहल्ले वालों ने खिलाया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही माता-पिता को ठेकेदार की तरफ से कुछ सहायता राशि देने के लिए लाखेरी प्रशासन ने कोटा रेल अधिकारियों से बात की। लेकिन देर रात तक भी माता-पिता के पास ठेकेदार या रेलवे का कोई अधिकारी पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है।
#लाखेरी #ट्रेन_दुर्घटना #मजदूर #बच्ची_की_मौत #ठेकेदार_फरार #कोटा
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.