दौसा: दौसा जिले में पैंथर के आबादी वाले इलाकों में घुसकर पालतू जानवरों का शिकार करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला नाहर खोहरा गांव का है, जहां बीती रात एक पैंथर सवाई मीना के घर में घुस गया और उनके पालतू श्वान (कुत्ते) को उठाकर ले गया। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य बगल में ही सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि पैंथर ने किसी इंसान पर हमला नहीं किया। यह पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
दौसा के उप वन संरक्षक अजीत उचोई ने घटना की जानकारी मिलने के बाद बताया कि ग्रामीण इलाकों में पैंथर के लगातार मूवमेंट की सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मौके पर भेजा जा रहा है और पैंथर की ट्रैकिंग कर जल्द ही पिंजरा लगवाया जाएगा। पैंथर को पकड़कर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।
महज 7 सेकंड में डॉग को ले गया पैंथर:
पीड़ित सवाई मीना ने बताया कि वे रात को खाना खाकर सो गए थे। करीब 11:30 बजे पैंथर दीवार कूदकर घर में घुसा और महज 7 सेकंड के भीतर श्वान का गला दबोच कर उसे ले गया। पैंथर के हमले के दौरान परिवार के कई सदस्य पास में ही सो रहे थे। सवाई मीना ने चिंता व्यक्त की कि पैंथर श्वान की जगह परिवार के लोगों पर भी हमला कर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों में दहशत, पैंथर को पकड़ने की मांग:
पैंथर के इस हमले के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा भय का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी कई बार पैंथर पालतू जानवरों का शिकार कर चुका है, लेकिन वन अधिकारियों को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द ही क्षेत्र में घूम रहे पैंथरों को पकड़कर किसी अन्य जगह छोड़ा जाए, अन्यथा वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जिले में पैंथर के लगातार बढ़ते मूवमेंट से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। कुछ दिन पहले दौसा जिला मुख्यालय के रिहायशी इलाके में भी पैंथर का मूवमेंट देखा गया था, और अब मेहंदीपुर बालाजी वन नाका क्षेत्र के नाहर खोहरा गांव में भी यह घटना हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के उदासीन रवैये के कारण उनकी जान जोखिम में बनी हुई है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.