सवाई माधोपुर आरपीएफ पर पुणे-जयपुर पैंट्रीकार मैनेजर ने लगाया अवैध वसूली का गंभीर आरोप, रेलवे से की शिकायत
Rail News : पुणे-जयपुर ट्रेन की पैंट्रीकार (रसोईयान) के मैनेजर सचिन तोमर ने सवाई माधोपुर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पर प्रत्येक माह ₹3,000 की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। सचिन ने इस संबंध में कोटा मंडल अधिकारियों से लिखित शिकायत की है, जिस पर अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया है।
सचिन तोमर ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने लगभग दो महीने पहले ही इस ट्रेन की भारतीय पर्यटक एवं खान-पान इकाई (IRCTC) की पैंट्रीकार का प्रभार संभाला है। प्रभार संभालने के बाद से ही सवाई माधोपुर आरपीएफ द्वारा उससे लगातार हर महीने ₹3,000 'बंदी' (अवैध वसूली) की मांग की जा रही थी। सचिन के अनुसार, 'बंदी' न देने पर उसे पैंट्रीकार नहीं चलने देने की धमकी दी जा रही थी। सचिन ने बताया कि उसने पैंट्रीकार के नियमानुसार चलने की जानकारी देते हुए आरपीएफ को 'बंदी' देने से साफ मना कर दिया था।
आरपीएफ ने जबरन खाली कराई पैंट्रीकार, वेंडरों पर दर्ज किया मामला: सचिन ने आगे बताया कि 'बंदी' देने से मना करने पर आरपीएफ कर्मी गुरुवार को गुस्से में आ गए और उन्होंने पैंट्रीकार से जबरन खाने-पीने का सारा सामान उतरवा लिया। इसके अलावा, आरपीएफ ने पैंट्रीकार के पांच वेंडरों को भी पकड़ लिया, जबकि सभी वेंडरों के पास पुलिस वेरिफिकेशन और मेडिकल सर्टिफिकेट सहित सभी आवश्यक कागजात मौजूद थे।
सचिन के आरोप के मुताबिक, इसके बाद आरपीएफ ने 'अनअप्रूव्ड पानी' बेचने का आरोप लगाते हुए दो वेंडरों पर मामला दर्ज कर लिया। बाद में वेंडरों को चार-चार हजार रुपए की जमानत पर रिहा किया गया। इस घटना के बाद सभी लोग दूसरी ट्रेन से जयपुर पहुंचे।
बाजार से पानी मंगवाकर दर्ज कराया मामला? सचिन ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि उसके पास केवल 'रेल नीर' (रेलवे द्वारा अधिकृत पानी) ही था, लेकिन आरपीएफ ने बाजार से 'अनअप्रूव्ड पानी' मंगवाकर वेंडरों के खिलाफ जबरन मामला दर्ज कर लिया।
जांच का आश्वासन: शिकायत के सामने आने पर, सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त, अजय शर्मा ने कहा कि मामले की जांच करवाई जाएगी और जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
#रेलवे #अवैधवसूली #सवाईमाधोपुर #आरपीएफ #पैंट्रीकार #घोटाला #आईआरसीटीसी #कोटा #जांच #भ्रष्टाचार
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.