Rail News: कोटा स्टेशन पर गुरुवार रात निजामुद्दीन-उदयपुर मेवाड़ एक्सप्रेस से उतरते समय एक यात्री का मोबाइल चोरी हो गया। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
राजगढ़, ब्यावरा निवासी दिनेश यादव ने बताया कि ट्रेन से उतरते समय एक व्यक्ति उनसे धक्का-मुक्की कर रहा था। इसके तुरंत बाद उन्होंने अपनी पैंट की जेब में रखा मोबाइल गायब पाया। रात में उस व्यक्ति का कोई पता नहीं चला, लेकिन सुबह दिनेश को वह व्यक्ति स्टेशन परिसर में घूमता मिला। उन्होंने तत्काल गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों, बाबूलाल और सीताराम, को सूचना दी। RPF जवानों को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन बाबूलाल और सीताराम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दिनेश का चोरी हुआ मोबाइल आरोपी के पास से बरामद हो गया। RPF ने आरोपी को GRP के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टोंक सदर निवासी छोटू शर्मा (32) के रूप में हुई है।
इसी तरह GRP ने दो अन्य मोबाइल चोरों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें से एक उत्तर प्रदेश के झांसी बड़ा गांव का निवासी संतोष कुशवाहा (24) है, और दूसरा मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ मोहनगढ़ निवासी कैलाश केवट (20) है। संतोष ने पिछले साल 3 जुलाई को दानापुर-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन में सफर कर रहे एक यात्री का मोबाइल कोटा स्टेशन पर चुराया था। बाद में उसने यह चोरी का मोबाइल कैलाश को बेच दिया था।
इसके अतिरिक्त, GRP ने शुक्रवार को धारदार चाकू रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुना की पुरानी छावनी रोड निवासी विनोद अहीरवाल (36) के रूप में हुई है। विनोद शाम को प्लेटफॉर्म नंबर 1ए पर खड़ी रतलाम-आगरा फोर्ट हल्दीघाटी ट्रेन के यात्रियों की जेब काटने की फिराक में था।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.