कुंभ स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की मुसीबत, एसी कोचों पर कब्जा, 8 घंटे लेट

कुंभ स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की मुसीबत, एसी कोचों पर कब्जा, 8 घंटे लेट

कोटा। प्रयागराज महाकुंभ मेले में उमड़ रही भारी भीड़ के कारण कोटा के यात्री भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रयागराज की तरफ से कोटा आने-जाने वाली और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इस कदर खराब है कि भारी भीड़ के कारण श्रद्धालु एसी कोचों तक पर कब्जा कर रहे हैं। इससे कुंभ जाने वालों के साथ दूसरे यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बनारस से 5 घंटे देरी से चली सोगरिया ट्रेन:

रेलवे द्वारा महाकुंभ मेला के लिए सप्ताह में दो दिन चलाई गई सोगरिया-बनारस स्पेशल ट्रेन (09801-02) शनिवार को बनारस से करीब 5 घंटे देरी से शाम 7.45 बजे रवाना हुई। समय से ट्रेन नहीं चलने के कारण यात्री परेशान होते रहे। बार-बार पूछने के बाद भी संतुष्टिपूर्ण उत्तर नहीं मिलने से यात्रियों की परेशानी और ज्यादा बढ़ गई।

रवाना होने के समय इस ट्रेन के वातानुकूलित (एसी) कोच तक में बड़ी संख्या में बिना टिकट और सामान्य श्रेणी के टिकट वाले यात्री सवार हो गए। अपनी सीटों पर कब्जा होता देख कई यात्रियों ने ट्रेन स्टाफ और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। लेकिन यात्रियों को रास्ते में कहीं भी मदद नहीं मिली। इससे एसी कोच के यात्री रात भर परेशान होते रहे।

कटनी में मिली राहत:

कोटा आ रहे सोजन निवासी भावेश कुमावत ने बताया कि एसी कोच में इतनी भारी भीड़ थी कि उन्हें अपनी सीट पर ठीक से बैठने तक की जगह नहीं मिली। ऐसे में वह पूरी रात सो भी नहीं सके।

भावेश ने बताया कि लगातार शिकायत के बाद कटनी में पहुंची आरपीएफ और टिकट चेकिंग स्टाफ ने अनधिकृत यात्रियों को एसी कोच से उतारा। लेकिन इसके बाद भी यह यात्री ट्रेन से नहीं उतरे। यह एसी कोच के बाहर ही गैलरी में खड़े रहे। इसके चलते शौचालय तक जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जनरल बने सामान्य कोच:

भावेश ने बताया कि स्लीपर कोच के हालात और भी ज्यादा खराब थे। इस ट्रेन के सारे स्लीपर कोचों की हालत जनरल से भी ज्यादा खराब थी। श्रद्धालु इन कोचों में दरवाजे के बाहर तक लटके हुए थे। बार-बार शिकायत के बाद भी इन यात्रियों की मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा।

कोटा में 8 घंटे हुई लेट:

कोटा पहुंचने में इस ट्रेन के करीब 8 घंटे लेट होने की संभावना है। कोटा में यह ट्रेन रविवार रात करीब 12 बजे पहुंची।

डीआरएम ने किया निरीक्षण:

दिल्ली में हुई भगदड़ के बाद रेलवे ने सभी स्टेशनों पर सुदृढ़ व्यवस्था के विशेष निर्देश जारी किए हैं। इसके चलते डीआरएम अनिल कालरा, मंडल वाणिज्य प्रबंधक किशोर कुमार पटेल, आरपीएफ तथा जीआरपी सहित सभी अधिकारियों ने कोटा रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। सुबह अधिकारियों ने और शाम को डीआरएम ने अकेले यह निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को स्टेशन पर हालात सामान्य नजर आए। प्लेटफार्म पर यात्रियों की अधिक भीड़ भी नजर नहीं आई। टिकट जांच के बाद ही यात्रियों को प्लेटफार्म पर जाने दिया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान सभी अनधिकृत व्यक्तियों को स्टेशन से बाहर किया गया।

चल रही है तीन ट्रेनें:

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि महाकुंभ में यात्री भार को कम करने के लिए कोटा व सोगरिया से प्रयागराज के लिए तीन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। कोटा सहित मंडल के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा और संरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हालत की लगातार निगरानी के लिए इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ भी लगाया गया है। टिकट चेकिंग के अलावा विभिन्न स्टेशनों पर लगे 135 सीसीटीवी कैमरों की भी निगरानी बढ़ाई गई है। साथ ही साफ-सफाई से लेकर खानपान आदि यात्री सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

#कुंभ #स्पेशल_ट्रेन #यात्री #परेशानी #कोटा #प्रयागराज #रेलवे

G News Portal G News Portal
287 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.