ट्रेन में बैठी महिला के गले से झपटी चैन - सवाई माधोपुर की घटना - जीआरपी नहीं दर्ज की रिपोर्ट

ट्रेन में बैठी महिला के गले से झपटी चैन - सवाई माधोपुर की घटना - जीआरपी नहीं दर्ज की रिपोर्ट

 सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में बैठी एक महिला यात्री के गले से बदमाश द्वारा सोने की चेन झपटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने इस मामले में FIR दर्ज करना जरूरी नहीं समझा है। वहीं, पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जोधपुर-भोपाल ट्रेन में वारदात, ढाई लाख की चेन झपटी

लाखेरी निवासी फरियादी पदम जैन ने बताया कि यह वारदात 28 जून की रात की है। उनके माता-पिता जोधपुर-भोपाल ट्रेन (स्लीपर कोच में आरक्षण) से भोपाल जा रहे थे। रात करीब 9:15 बजे ट्रेन सवाई माधोपुर स्टेशन से रवाना हो रही थी, तभी उनकी माताजी खिड़की के पास सीट पर बैठी थीं। इसी दौरान, मौके की तलाश में प्लेटफार्म पर खड़े एक बदमाश ने खिड़की से हाथ डालकर उनकी माताजी के गले से सोने की चेन झपट ली। जब तक उनके माता-पिता कुछ समझ पाते, ट्रेन की रफ्तार तेज हो चुकी थी। पदम के अनुसार, यह चेन करीब 27 ग्राम की थी, जिसका मूल्य लगभग ढाई लाख रुपए है। उनके माता-पिता ने लाखेरी पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी दी।

जीआरपी पर टरकाने का आरोप, CCTV फुटेज के बाद भी नहीं लिखी रिपोर्ट

पदम जैन का आरोप है कि 29 जून को वे सवाई माधोपुर जीआरपी थाने रिपोर्ट लिखवाने गए थे। उन्होंने तमाम जानकारी पुलिस को दी, लेकिन उनकी पक्की रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पुलिस ने केवल एक रजिस्टर में उनके नाम-पते नोट कर लिए। पदम ने बताया कि इसके बाद उन्होंने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, जिसमें एक बदमाश खिड़की से उनकी माताजी के गले से चेन खींचता साफ नजर आ रहा है। इस स्पष्ट वीडियो फुटेज के बावजूद भी जीआरपी उसकी पक्की रिपोर्ट दर्ज करने को तैयार नहीं हुई।

'बदमाश रोज स्टेशन पर घूमता है, पुलिस को नहीं आता नजर'

पदम जैन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह बदमाश शिकार की तलाश में रोज सवाई माधोपुर स्टेशन पर घूमता है, लेकिन जीआरपी को नजर नहीं आता। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को भी ट्रेन में यात्रा के दौरान उन्हें यह बदमाश सवाई माधोपुर प्लेटफार्म पर घूमता नजर आया था।

वहीं, मामले में थाना इंचार्ज सहायक सब इंस्पेक्टर अनिल सांवरिया ने सफाई देते हुए कहा कि रिपोर्ट दर्ज करने के लिए फरियादी से चेन का बिल और अन्य कागजात मांगे गए थे, लेकिन इसके बाद फरियादी लौटकर नहीं आया। उन्होंने यह भी कहा कि कच्ची रिपोर्ट के आधार पर जीआरपी आरोपी की तलाश कर रही है।

#सवाईमाधोपुर #ट्रेनमेंचोरी #चेनस्नैचिंग #रेलवेक्राइम #जीआरपी #सीसीटीवी #लापरवाही #यात्रीसुरक्षा #जोधपुरभोपालट्रेन

G News Portal G News Portal
255 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.