कोटा। कोटा रेल मंडल के सोगरिया स्टेशन पर शनिवार को पिकअप एंड गो सुविधा को लेकर एक बड़ा विवाद सामने आया है। वाहन पार्किंग स्टैंड के ठेकेदार कर्मचारियों द्वारा तीन कोचिंग छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना में छात्रों को चोटें आईं और उनके कपड़े भी फट गए। आक्रोशित छात्रों ने मामले की शिकायत कोटा डीआरएम (DRM) को की है।
छात्रों ने अपनी शिकायत में बताया कि वे दोपहर में निजामुद्दीन-सोगरिया ट्रेन से आए अपने एक साथी को लेने स्टेशन गए थे। इसी दौरान स्टैंड कर्मचारियों ने उनसे निशुल्क पिकअप एंड गो सुविधा के लिए भी 80 रुपए की मांग की।
छात्रों ने कहा कि वे 5 मिनट में वापस आ जाएंगे और 80 रुपए देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में गरमा गरम बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
स्टैंड संचालक के कुछ और कर्मचारी मौके पर आ गए और उन्होंने कोचिंग छात्रों को बुरी तरह मारना-पीटना शुरू कर दिया।
छात्रों ने ठेकेदार के कर्मचारियों पर कार से कुचलने की कोशिश का भी गंभीर आरोप लगाया है।
दोनों तरफ से जमकर लात-घूंसे चले। मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
इस पूरी घटना के दौरान मौके पर आरपीएफ (RPF) और वाणिज्य कर्मचारी भी मौजूद थे। लेकिन, छात्रों के अनुसार, उन्होंने मामले में कोई हस्तक्षेप करना जरूरी नहीं समझा, जिससे यात्रियों और छात्रों में सुरक्षाकर्मियों के प्रति भी निराशा है।
यात्रियों ने बताया कि सोगरिया स्टेशन पर पिकअप एंड गो सुविधा यात्रियों के लिए जी का जंजाल बनी हुई है। प्रशासन ने 10 मिनट तक पिकअप एंड गो निशुल्क कर रखा है। स्टैंड संचालक एक पर्ची देता है जिस पर समय लिखा होता है। यदि यात्री निर्धारित समय (10 मिनट) के अंदर लौटता है, तो उसे किराया नहीं देना होता।
लेकिन, टाइमिंग की गणना की कोई ठोस या थर्ड पार्टी निगरानी व्यवस्था नहीं होने के कारण स्टैंड कर्मचारी और यात्री दोनों खुद को सही बताते हैं, जिसके चलते आए दिन झगड़े की नौबत आती है।
किराया वसूली को लेकर स्टैंड ठेकेदार पर पहले भी कई बार जुर्माना लग चुका है।
छात्रों ने डीआरएम से तुरंत कार्रवाई करने और पिकअप एंड गो की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है।
#सोगरियास्टेशन #पिकअपएंडगो #कोचिंगछात्रोंसेमारपीट #रेलवेस्टैंडविवाद #कोटाडीआरएम
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.