भरतपुर: शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तार एक आरोपी ने थाने के लॉकअप के भीतर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
क्या है पूरा मामला? अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आगरा के सेंधपुरा निवासी आरोपी गव्वर उर्फ गब्बर को पुलिस ने दस्तयाब किया था। पुलिस ने गब्बर को नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग के चलते दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में 9 जुलाई को गिरफ्तार किया था और उसे उद्योग नगर थाने के लॉकअप में रखा गया था।
लॉकअप में मृत मिला आरोपी: पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जब पुलिसकर्मी गब्बर को चाय के लिए जगाने पहुंचे, तो वह लॉकअप में मृत अवस्था में मिला। इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और पुलिसकर्मियों ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
उच्चाधिकारी मौके पर, परिजनों का हंगामा: सूचना मिलते ही एसपी मृदुल कछावा, एएसपी सतीश कुमार और सीओ रूरल आकांक्षा तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, जैसे ही आत्महत्या की खबर मृतक के परिजनों और गांववालों तक पहुंची, वे बड़ी संख्या में उद्योग नगर थाने पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने पुलिस पर गब्बर की हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतक के बड़े भाई लोकेश ने आरोप लगाया कि गब्बर आत्महत्या नहीं कर सकता, बल्कि उसकी हत्या की गई है। आक्रोशित भीड़ ने थाने के बाहर सड़क जाम करने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया।
शव अभी भी थाने में, पोस्टमार्टम में देरी: फिलहाल, मृतक गब्बर का शव उद्योग नगर थाने में ही रखा गया है। परिजनों के लगातार हंगामे के चलते अभी तक शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी नहीं पहुंचाया जा सका है। पुलिस प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है और मामले की गहन जांच की बात कही जा रही है।
#भरतपुर #पॉक्सो #आत्महत्या #लॉकअप #पुलिस #हंगामा #उद्योगनगरथाना #जांच #न्याय
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.