दूदू। राजस्थान सरकार द्वारा दूदू जिला समाप्त करने के फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। दूदू विधायक और डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए सावरदा के मुख्य चौराहे पर उनका पुतला फूंका गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने "दूदू जिला बचाओ" के नारे लगाए और सरकार के इस फैसले को वापस लेने की मांग की।
पूर्व सरपंच दुर्गादत्त शर्मा ने सरकार के इस निर्णय की निंदा करते हुए कहा, "पूर्ववर्ती सरकार और पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने दूदू को जिला बनाकर इतिहास रचा था। लेकिन, डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने इस जिले को खत्म कर एक नया और दुर्भाग्यपूर्ण इतिहास बना दिया है।"
युवा नेता सोनू भलाई ने कहा, "कांग्रेस सरकार ने जिले बनाकर अंतिम छोर तक के लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया था। लेकिन, इस तरह जिले को समाप्त करना उन लोगों के साथ अन्याय है।"
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व इकाई अध्यक्ष देवीचंद रैगर ने किया। उनके साथ पूर्व सरपंच नाथुलाल रैगर, कैलाश खटीक, मोहन रियाड और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने भजनलाल सरकार के फैसले को जनता के खिलाफ बताया और इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने अपना फैसला वापस नहीं लिया, तो विरोध-प्रदर्शन और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दूदू जिला बहाल करने के लिए सभी स्तरों पर संघर्ष जारी रहेगा।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.