Rail News: सवाईमाधोपुर में 9 जनवरी को गिरी मालगाड़ी मामले में जांच रिपोर्ट सामने आई है। इस जांच रिपोर्ट में इंजीनियरिंग विभाग को दोषी ठहराने की बात कही गई है। लेकिन इससे नाशुख प्रशासन ने इस रिपोर्ट में बदलाव करते हुए दुर्घटना के लिए परिचालन विभाग को जिम्मेदार ठहरा दिया। इसके लिए पाइंट्मैन की गलती बता दी।
इस बात की जानकारी मिलने पर प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी प्रवीण खोराना ने अपनी नाराजगी जताई है। प्रवीण ने कहा कि पूरी जांच के बाद सामने आई जांच रिपोर्ट को कोई आखिर कैसे बदल सकता है। प्रवीण के तेवर को देखते हुए लग रहा है कि यह मामला अभी और तुल पकड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि घटना वाले दिन मौका निरीक्षण करने पहुंचे डीआरएम अनिल कालरा ने मालगाड़ी गिरने से पटरी टूटने की आशंका भी जताई थी।
कोटा-सवाईमाधोपुर का निरीक्षण
प्रवीण संरक्षा ऑडिट के लिए बुधवार को कोटा पहुंचे थे। प्रवीण ने अपनी टीम के साथ कोटा-सवाईमाधोपुर रेलखंड स्थित कापरेन-घाट का बराना स्थित क्रॉसिंग गेट, घाट का बराना स्टेशन, लबान-लाखेरी के बीच मेज नदी के पुल, लाखेरी-इंद्रगढ़ के बीच पटरियों का घुमाव, इंद्रगढ़ स्टेशन के पास पाइंट, सवाईमाधोपुर स्टेशन और ट्रेक्शन सब स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रवीण ने संरक्षा संबंधित जरुरी निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रवीण के साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक एलके धुरंधर सहित मुख्यालय के विभिन्न विभागों के मुख्य अधिकारी शामिल थे।