जयपुर। राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी और शीतलहर (Cold Wave) के चलते जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी 'कोल्ड वेव' के अलर्ट को देखते हुए राज्य के विभिन्न जिलों के जिला कलेक्टरों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए शीतकालीन अवकाश को बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। बारां के बाद अब हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर और बूंदी में भी स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने सोमवार को आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया है। हालांकि, कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुचारू रूप से चलेंगी और स्टाफ को भी स्कूल आना होगा।
श्रीगंगानगर में ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर डॉ. मंजू ने छोटे बच्चों के लिए राहत का ऐलान किया है। जिले के सभी स्कूलों में कक्षा नर्सरी से 5वीं तक के बच्चों के लिए 6 से 12 जनवरी तक छुट्टी रहेगी। वहीं, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय बदलकर सुबह 10:30 से दोपहर 3:00 बजे तक कर दिया गया है।
बूंदी जिले में भी शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए 6 और 7 जनवरी को अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, शिक्षकों और अन्य स्टाफ को विभागीय नियमानुसार स्कूल में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भीषण ठंड जारी रहने की संभावना जताई है। 6 से 8 जनवरी के दौरान जयपुर, अलवर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं में तीव्र शीतलहर का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता (Visibility) कम रहने की भी चेतावनी दी गई है।
#RajasthanSchoolHoliday #WinterVacation #ColdWaveAlert #RajasthanWeather #SriganganagarNews #HanumangarhNews #BundiNews #SchoolClosed #EducationNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.