जयपुर, राजस्थान: राजस्थान पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में राजस्थान पुलिस ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है। आरपीएससी के तत्कालीन सदस्य रामूराम राइका के बेटा-बेटी सहित 24 उपनिरीक्षकों को राजकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। पिछले दो महीनों में करीब 40 ट्रेनी एसआई को नौकरी से हटाया जा चुका है।
पुलिस महानिदेशक यूआर साहू ने जयपुर-जोधपुर पुलिस कमिश्नर सहित सभी रेंज आईजी को एसआई पेपर लीक, डमी अभ्यर्थी और नकल कर थानेदार बनने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसओजी की कार्रवाई में जिन थानेदारों के खिलाफ परीक्षा से पहले पेपर लेकर, डमी अभ्यर्थी बैठाकर और परीक्षा में अन्य सामग्री से नकल कर पकड़े जाने की पुष्टि हुई है, उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।
जयपुर कमिश्नर ने 5 थानेदारों को किया बर्खास्त
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने शुक्रवार रात आदेश जारी कर आरपीएससी के पूर्व सदस्य रामूराम राइका के बेटे देवेश राइका, बेटी शोभा राइका के साथ थानेदार बनी मोनिका जाट, नीरज कुमार यादव और सुरेन्द्र कुमार बगडिय़ा को राजस्थान पुलिस एक्ट 39 के तहत सेवा से बर्खास्त किया है। जयपुर रेंज आईजी अजयपाल लांबा ने एकता, अविनाश पलसानिया, सुरजीत सिंह यादव, राकेश और विजेंद्र कुमार को भी बर्खास्त करने के आदेश जारी किए हैं।
जोधपुर, अजमेर और उदयपुर में भी कार्रवाई
जोधपुर कमिश्नर राजेन्द्र सिंह ने श्रवण कुमार, इंदुबाला, भगवती और प्रेमसुखी को बर्खास्त किया है। अजमेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने सुभाष बिश्नोई को बर्खास्त किया है। उदयपुर रेंज आईजी राजेश मीना ने राजेश्वरी, मनोहर लाल गोदारा, विक्रमजीत बिश्नोई, दिनेश बिश्नोई और श्याम प्रताप सिंह को बर्खास्त किया है।
बीकानेर में चार और उपनिरीक्षक बर्खास्त
बीकानेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने चार और उपनिरीक्षकों को बर्खास्त किया है। इनमें मनीष बेनीवाल, जयराज सिंह, अंकिता गोदारा और मनीषा सिहाग शामिल हैं।
अब तक 89 गिरफ्तार
एसओजी ने इस मामले में आधा दर्जन गैंग के 47 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जगदीश बिश्नोई, पोरव कालेर, अशोक नाथावत, भूपेन्द्र सारण, शेर सिंह मीना, गमाराम और अन्य शामिल हैं। इसके अलावा 42 ट्रेनी थानेदार भी गिरफ्तार किए गए हैं।
#राजस्थानSI #पेपरलीक #बर्खास्तगी #रामूरामराइका #जयपुरपुलिस #जोधपुरपुलिस #अजमेरपुलिस #उदयपुरपुलिस #बीकानेरपुलिस #एसओजी #अपराध #गिरफ्तारी
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.