सरवाड़ (अजमेर)। प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ में राजस्थान के स्यार निवासी रामनारायण बैरवा की पत्नी निहाली देवी (62) की मौत हो गई।
22 जनवरी को स्यार व आसपास के गांवों से 56 यात्रियों का एक दल प्रयागराज के लिए रवाना हुआ था। 28 जनवरी की सुबह यह दल प्रयागराज पहुंचा और संगम स्नान के लिए निकला। स्नान के बाद लौटते समय एरावत मार्ग पर भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में निहाली देवी भीड़ के दबाव से गिर गईं और कुचलने से उनकी मौत हो गई।
उनके पति रामनारायण ने बताया कि वह अपने भाई और पत्नी के साथ स्नान करके लौट रहे थे। अचानक भगदड़ मच गई और वे बिछड़ गए। उन्होंने बताया कि जैसे-तैसे करके वे तो खड़े हो गए, लेकिन उनकी पत्नी भीड़ में दब गईं और कुचलने से उनकी मौत हो गई।
निहाली देवी के पुत्र सांवरलाल बैरवा ने बताया कि उनकी मां की कुंभ स्नान की बहुत इच्छा थी। गांव और मोहल्ले से कई लोगों के जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने भी अपने माता-पिता को प्रयागराज भेज दिया था। उन्हें क्या पता था कि उनकी मां अब लौटकर नहीं आएगी।
गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस का एक हेड कांस्टेबल शव लेकर गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। निहाली देवी के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं।
#महाकुंभ #भगदड़ #निहाली_देवी #प्रयागराज #राजस्थान #अंतिम_संस्कार
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.