रंगपुर पुलिया फायरिंग मामला: ₹1000 के इनामी आसिफ, तौफीक और कामरान गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

रंगपुर पुलिया फायरिंग मामला: ₹1000 के इनामी आसिफ, तौफीक और कामरान गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

कोटा। भीमगंजमंडी थाना पुलिस ने रंगपुर पुलिया पर हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन तीनों पर एक-एक हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आसिफ गौरी (30) पुत्र मोहम्मद कलीम गौरी, कामरान गौरी उर्फ कम्मु (28) पुत्र मोहम्मद कलीम गौरी और मोहम्मद तौफीक उर्फ मिक्कू (23) पुत्र मोहम्मद युसुफ उर्फ टाटली शामिल हैं। आसिफ और कामरान रंगतलाब कृष्ण विहार कॉलोनी के निवासी हैं, जबकि तौफीक रेलवे कॉलोनी, तुल्लापुर का रहने वाला है।

पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को रेलवे लोको कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बजरिया में तीनों आरोपियों का जुलूस भी निकाला। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और साथ ही आरोपियों से हथियार बरामद करने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

यह था मामला: गौरतलब है कि 22 मई को रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद कलीम गौरी, कलीम के दोनों बेटे आसिफ और कामरान गौरी, मोहम्मद तौफीक तथा एक नाबालिग ने रंगपुर पुलिया पर संजय नगर निवासी मोहम्मद उमर पर फायरिंग की थी। इस घटना में उमर को दो गोलियां लगी थीं, जिससे वह घायल हो गया था। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। कुछ दिनों बाद पुलिस ने कलीम और नाबालिग को पकड़ लिया था, लेकिन ये तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।

आदतन अपराधी हैं तीनों: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। उनके खिलाफ रेलवे कॉलोनी थाने में तीन-तीन, चार-चार मामले दर्ज हैं।

अवैध वेंडिंग को लेकर झगड़ा: शहर पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने बताया कि आरोपियों के परिवारजनों ने रेलवे स्टेशन पर स्टॉल ले रखी है। मोहम्मद उमर की भी स्टेशन पर स्टॉल है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच खाने-पीने के सामान को बेचने को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उमर पर फायरिंग कर दी थी।

स्टेशन पर फिर भिड़े वेंडर, बड़े हादसे का अंदेशा: फायरिंग का यह मामला सामने आने के बावजूद रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों का चलना बंद नहीं हुआ है। खाने-पीने के सामान बेचने को लेकर शनिवार को ये वेंडर स्टेशन पर फिर से आपस में भिड़ गए। एक वेंडर ने दूसरे वेंडर का गिरेबान पकड़ लिया और दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी। यदि समय रहते स्टेशन पर अवैध वेंडरों पर रोक नहीं लगाई गई, तो किसी दिन और भी बड़ा हादसा हो सकता है।

#कोटापुलिस #फायरिंग #रंगपुरपुलिया #आरोपीगिरफ्तार #इनामीबदमाश #भीमगंजमंडीथाना #अवैधवेंडिंग #रेलवेस्टेशन #अपराध #कानूनव्यवस्था

G News Portal G News Portal
397 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.