कोटा। ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस में अपनी मजबूरी बताने वाले यात्री और उनकी पत्नी के साथ अभद्रता करने वाले आरपीएफ जवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार को यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड तक पहुंच गया है। मंत्रालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
वायरल वीडियो में आरपीएफ जवान यात्रियों को "खाल उधेड़ देने" और "यहीं यात्रा करा देने" जैसी धमकियां देते साफ नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद रेल मंत्रालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से संज्ञान लिया है। यात्रियों का कहना है कि जब एसी कोच (B-2) में सफर कर रहे परिवार के साथ पुलिस का यह रवैया है, तो जनरल कोच के आम यात्रियों के साथ वे कैसा सुलूक करते होंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटा के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) सौरभ जैन ने बताया कि:
घटना की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
संबंधित आरपीएफ कर्मचारियों को बुलाकर प्राथमिक समझाइश की गई है।
पूरा मामला सहायक सुरक्षा आयुक्त (ASC) के संज्ञान में लाया गया है और नियमों के अनुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को ओखा-गुवाहाटी ट्रेन के एसी कोच में भारी भीड़ के कारण एक महिला यात्री शौचालय तक नहीं जा पा रही थीं। घंटों की प्रताड़ना और ऑनलाइन शिकायत पर कोई सुनवाई न होने के बाद, उनके पति ने कोटा स्टेशन पर ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी थी। मदद करने के बजाय आरपीएफ जवानों ने यात्री को हिरासत में लिया और विरोध करने पर परिवार व अन्य मुसाफिरों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।
इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद आम जनता में भारी आक्रोश है। यात्रियों ने सवाल उठाया है कि भीड़ को नियंत्रित करने में नाकाम रेलवे प्रशासन, अपनी आवाज उठाने वाले यात्रियों को वर्दी का खौफ दिखाकर चुप कराने की कोशिश क्यों कर रहा है?
अब सबकी नजरें रेलवे प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं कि वे अपने बेकाबू जवानों पर क्या नकेल कसते हैं।
#KotaRailway #RPFAction #RailwayNews #IndianRailways #PassengerSafety #JusticeForPassengers #ViralVideo #RailMinistry #KotaRailNews #BreakingNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.