सवाई माधोपुर, 6 अगस्त 2025: शहर में बंदरों के बढ़ते आतंक से आमजन को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद सवाई माधोपुर लगातार सक्रिय है और पिंजरे लगाकर बंदरों को पकड़ने का अभियान चला रही है।
नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना ने बताया कि इन दिनों नगर परिषद क्षेत्र में बंदरों की संख्या में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिसके चलते आमजन से बंदरों के आतंक की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी को गंभीरता से लेते हुए, नगर परिषद टीम ने अभियान में तेजी लाते हुए मंगलवार और बुधवार को सीमेंट फैक्ट्री के चिन्हित इलाकों में पिंजरे लगाकर कुल 84 बंदरों को पकड़ा।
कार्यवाही के तहत, टीम द्वारा मंगलवार को 68 और बुधवार को 16 बंदर पकड़े गए। संबंधित संवेदक टीम द्वारा पकड़े गए इन सभी बंदरों को सुरक्षित रूप से वन्य क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। आयुक्त ने बताया कि नगर परिषद के सभी चिन्हित इलाकों से बंदर पकड़ने की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आमजन को बंदरों के आतंक से पूरी तरह निजात मिल सके।
यह अभियान नगर परिषद की जनहितैषी पहल को दर्शाता है, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.