सवाई माधोपुर : आगामी स्वतंत्रता दिवस, कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी सहित अन्य धार्मिक उत्सवों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर काना राम ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बैनीवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कौमी एकता सवाई माधोपुर की परंपरा: जिला कलक्टर काना राम ने इस अवसर पर कहा कि सवाई माधोपुर की कौमी एकता की समृद्ध परंपरा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसे हर हाल में कायम रखना होगा। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे जिले में सांप्रदायिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या अफवाह की सूचना तुरंत जिला प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। कलक्टर ने सभी समुदायों से मिल-जुलकर अपनी परंपराओं का निर्वहन करने और शांतिपूर्ण आयोजनों को सुनिश्चित करने की अपील की।
आपत्तिजनक पोस्ट पर रखें नजर, पुलिस को दें जानकारी: पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बैनीवाल ने सोशल मीडिया के संभावित दुरुपयोग पर विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट आदि के बारे में तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति सांप्रदायिक भावना भड़काने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखेगी और सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर तुरंत कार्यवाही होगी। उन्होंने आम जनता से गलत सूचनाओं, संदेशों और पोस्ट को फॉरवर्ड न करने और किसी भी परिस्थिति में शांति एवं धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को जागरूक करने और उन्हें किसी भी अनावश्यक गतिविधि से दूर रहने का संदेश भी दिया।
शांति समिति सदस्यों ने जाहिर की प्रतिबद्धता: बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए और आश्वस्त किया कि सवाई माधोपुर में आपसी भाईचारा और सौहार्द हमेशा बरकरार रहेगा। सभी सदस्यों ने त्यौहारों को मिलजुल कर मनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को पूरा सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता जताई।
अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा: इस बैठक में त्यौहारों के अलावा कुछ अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इनमें हाल ही में हुई अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति, सूरवाल बांध की चादर से होने वाले जलभराव की समस्या का प्रभावी निराकरण, बोदल पुलिया पर भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करना, और युवाओं को नशे व साइबर अपराध से दूर रखने के लिए विशेष अभियान चलाने जैसे विषय शामिल थे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार कस्वा, उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह, नगर परिषद आयुक्त नरसी मीना, उप जिला प्रमुख बाबूलाल, एडवोकेट असरार अहमद, किसान सभा जिलाध्यक्ष कानजी मीना, महेश छाबड़ा, गोविंद, रघुनाथ चौधरी, अफजल अली, अरविंद सिंह, बदरूद्दीन, हरसहाय मीना पटेल, इफ्तेखार उद्दीन, डॉ. मुमताज अहमद सहित शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
#सवाईमाधोपुर #शांतिसमिति #त्योहार #आपसीसद्भाव #कानूनव्यवस्था #जिलाकलेक्टर #पुलिसअधीक्षक #कौमीएकता #स्वतंत्रतादिवस #कृष्णजन्माष्टमी #गणेशचतुर्थी #राजस्थानन्यूज़
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.