सवाई माधोपुर: जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जनहित के कार्यों पर जोर, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

सवाई माधोपुर: जिला स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जनहित के कार्यों पर जोर, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

सवाई माधोपुर,  जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र के वीसी कक्ष में बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला कलक्टर ने जनकल्याण से जुड़े विषयों पर सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए।

राजस्थान संपर्क पोर्टल पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य: जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल (सीएम हेल्पलाइन 181) पर प्राप्त प्रकरणों का समयबद्ध, संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग की संतुष्टि दर 75 प्रतिशत से नीचे नहीं होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री जनसुनवाई एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई के सभी प्रकरणों का 7 दिवस में निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया और कहा कि परिवादकर्ता से संवाद कर समाधान की पुष्टि की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा की समीक्षा: पंडित दीनदयाल अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत आयोजित शिविरों की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास करें।

मूलभूत सेवाओं की त्वरित आपूर्ति पर विशेष जोर: बिजली आपूर्ति से जुड़े मामलों में त्वरित समाधान हेतु विद्युत विभाग को टोल फ्री नंबर 18001806507 एवं स्थानीय कन्ट्रोल रूम नंबर 07462-224112 / 9413383132 पर प्राप्त शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

वर्षाकाल हेतु विशेष व्यवस्थाएं: बैठक में संभावित भारी वर्षा के दृष्टिगत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियों की संभावनाओं को देखते हुए सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार तथा जागरूकता सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों को सतत निगरानी रखने एवं लोगों को सतर्क रहने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

टीबी उन्मूलन एवं स्वास्थ्य डेटा विश्लेषण: जिला कलक्टर ने बीमारी प्रवृत्ति पर विश्लेषण करने एवं टीबी उन्मूलन पर विशेष बल देते हुए ज़िला अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में ओपीडी-आईपीडी डेटा का विश्लेषण कर प्रमुख बीमारियों की पहचान और नियंत्रण हेतु नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, ज़िले को टीबी मुक्त बनाने के लिए नार्ट टेस्ट की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

जलभराव स्थलों पर चैतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा व्यवस्था: लालसोट-दौसा मेगा हाईवे के अजनोटी क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर रिडकोर, डब्ल्यूआरडी एवं पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। सभी रपटों पर दो दिन के भीतर खतरे के संकेतक साइनबोर्ड लगाने, अधिक जल प्रवाह की स्थिति में बैरिकेडिंग एवं आवश्यकतानुसार सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। पुलियाओं एवं सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत हेतु पीडब्ल्यूडी, एनएच सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सफाई व्यवस्था और खराब हैंडपंपों की मरम्मत: गंगापुर सिटी में सालोदा मोड़ सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नगर निकाय क्षेत्रों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने हेतु नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए गए। वहीं, बामनवास क्षेत्र के खराब हैंडपंपों की मरम्मत तुरंत करवाने के निर्देश भी दिए।

वित्तीय समावेशन अभियान को लेकर निर्देश: जिला कलक्टर ने 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक चलने वाले वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा अभियान को प्रभावी बनाने हेतु एकीकृत शिविर मॉडल को अपनाने के निर्देश दिए। बैंक, बीमा व पेंशन सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने हेतु शिविरों का आयोजन व डोर-टू-डोर सेवा देने पर ज़ोर दिया।

हरियालो राजस्थान अभियान में व्यापक पौधारोपण पर बल: बैठक में हरियालो राजस्थान अभियान की विभागवार समीक्षा करते हुए ज़िला कलक्टर ने सभी विभागों को अधिकतम पौधारोपण सुनिश्चित करने, उनकी उचित देखभाल करने तथा ‘हरियालो राजस्थान ऐप’ पर जियो टैगिंग के निर्देश दिए। उप वन संरक्षक सुनील कुमार ने बताया कि वन विभाग द्वारा जिले के 10 नर्सरियों में 15.38 लाख छायादार, फलदार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे तैयार किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी विभाग एवं आमजन नर्सरियों पर पहुंचकर एवं विभाग द्वारा उपलब्ध करवाए गए लिंक https://aaranyak.forest.rajasthan.gov.in/CitizenPurchase/CitizenPlantPurchase?UserTypeId=1 के माध्यम से भी नर्सरियों से ऑनलाईन पौधे आरक्षित कर खरीदे जा सकते हैं।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वा, एसडीएम अनूप सिंह एवं बृजेन्द्र मीना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा शर्मा, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी बीएस मीना, विद्युत विभाग के बीएल मीना, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

#सवाईमाधोपुर #जिलाकलेक्टर #कानाराम #साप्ताहिकसमीक्षाबैठक #जनकल्याण #राजस्थानसंपर्कपोर्टल #जनसुनवाई #मूलभूतसुविधाएं #हरियालोराजस्थान #पौधारोपण #वित्तीयसमावेशन #टीबीउन्मूलन #जलभराव #मानसूनतैयारी #सरकारीयोजनाएं

G News Portal G News Portal
106 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.