सवाई माधोपुर: सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा इलाके में बजरी माफियाओं ने गुरुवार देर रात जमकर उत्पात मचाया। डिडायच रपट के पास अवैध खनन कर रहे माफियाओं ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक ट्रैक्टर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) ग्रामीण लाभूराम विश्नोई अवैध खनन की सूचना पर एक निजी बोलेरो गाड़ी से डिडायच रपट पहुंचे थे। वहां मौजूद बजरी माफियाओं ने पुलिस टीम को घेर लिया और उनकी गाड़ी में आग लगा दी। चारों तरफ से पथराव होने के कारण पुलिसकर्मियों को बनास नदी के इलाके में छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने अवैध खनन में लिप्त आरोपियों पर लाठीचार्ज किया था। इसी दौरान भगदड़ मच गई और एक ट्रैक्टर चालक, जिसकी पहचान संग्रामगंज इंदरगढ़ (बूंदी) निवासी सुरज्ञान मीणा (पुत्र रामपुर मीणा) के रूप में हुई है, ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। शुक्रवार सुबह मृतक सुरज्ञान मीणा के परिजन पुलिस थाने पहुंचे और उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि डीएसपी ग्रामीण लाभूराम ने लोहे के सरिया से वार कर सुरज्ञान की हत्या की है। उन्होंने पुलिस पर घटना की सूचना नहीं देने और शव को सीधे सवाई माधोपुर मोर्चरी में पहुंचाने का भी आरोप लगाया और मामले को दबाने की कोशिश करने की बात कही। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस उपाधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है और मुआवजा नहीं दिया जाता है तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों का भी आरोप है कि यदि डीएसपी ग्रामीण के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस घटना में पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि डीएसपी अपनी सरकारी गाड़ी छोड़कर निजी वाहन से क्यों गए थे और मौके पर खनिज विभाग की टीम को क्यों नहीं बुलाया गया।
इस पूरे मामले पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) ममता गुप्ता ने कहा है कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
गौरतलब है कि डीएसपी लाभूराम विश्नोई गुरुवार देर रात अवैध खनन रोकने के लिए एक निजी बोलेरो से गए थे, जबकि उन्होंने अपनी सरकारी गाड़ी सूरवाल थाने में ही छोड़ दी थी। इसी दौरान माफियाओं ने उनकी गाड़ी को आग के हवाले कर दिया और पुलिस पर पथराव किया। पुलिस के लाठीचार्ज के दौरान ही ट्रैक्टर चालक की टायर के नीचे आने से मौत हो गई, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई।
#सवाईमाधोपुर #बजरीमाफिया #पुलिसपरहमला #डीएसपी #गाड़ीफूंकी #ड्राइवरकीमौत #ग्रामीणआक्रोश #अवैधखनन #राजस्थानपुलिस
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.