सवाई माधोपुर में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मंगलवार तड़के नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक तेंदुए की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली और संवेदनहीनता को लेकर स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों में आक्रोश है।
यह घटना सवाई माधोपुर और रणथंभौर के बीच तड़के करीब 3 बजे की है। ट्रैक पार करते समय तेंदुआ तेज रफ्तार इंटरसिटी ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही तेंदुए के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रेन करीब 10 मिनट तक मौके पर खड़ी रही। बाद में गश्त कर रहे रेलवे के ट्रैकमैनों ने तेंदुए के शव को पटरी से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद ट्रेन रवाना हो सकी।
हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के बावजूद वन विभाग की टीम करीब 2 घंटे की देरी से, सुबह 5 बजे मौके पर पहुंची। इस दौरान 'वन्य जीव संरक्षण श्रेणी' में आने वाले इस दुर्लभ जानवर का शव पटरी के किनारे असुरक्षित और लावारिस पड़ा रहा। नियमतः ऐसे संरक्षित वन्यजीव के शव की सुरक्षा के लिए तत्काल गार्ड तैनात किया जाना चाहिए था, लेकिन मौके पर कोई जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद नहीं था।
सवाई माधोपुर का यह इलाका रणथंभौर टाइगर रिजर्व के नजदीक होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही के लिए संवेदनशील है। यह पहली बार नहीं है जब यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से किसी वन्यजीव की जान गई हो। इससे पहले भी कई बाघ, तेंदुए और अन्य जंगली जानवर रेलवे ट्रैक पर अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन रेलवे और वन विभाग के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा बेजुबान जानवरों को भुगतना पड़ रहा है।
फिलहाल, वन विभाग की टीम तेंदुए के शव को अपने साथ ले गई है, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।
https://youtube.com/shorts/Yttcoo8ip3g?feature=share
#SawaiMadhopur #LeopardDeath #WildlifeConservation #Ranthambore #RailwayAccident #ForestDepartment #BreakingNews #WildlifeSafety #RajasthanWildlife
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.