सवाई माधोपुर, 31 जुलाई 2025: सवाई माधोपुर जिले में बनास नदी में डूबे एक व्यक्ति का शव एसडीआरएफ (SDRF) राजस्थान की टीम ने गुरुवार को अथक प्रयासों के बाद बरामद कर लिया। यह व्यक्ति भारी बरसात के कारण उफनती नदी में डूब गया था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे सवाई माधोपुर पुलिस कंट्रोल रूम से एसडीआरएफ राजस्थान कंट्रोल रूम जयपुर को बहरावंडा कलां थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनास नदी में एक व्यक्ति के डूबने की सूचना मिली। एसडीआरएफ कमांडेंट श्री राजेंद्र सिंह सिसोदिया के निर्देशानुसार, मानसून सत्र 2025 में आपदा राहत और बचाव हेतु खंडार, सवाई माधोपुर में तैनात एसडीआरएफ सी कंपनी भरतपुर की रेस्क्यू टीम सी-07 के प्रभारी हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना होने के निर्देश दिए गए।
रेस्क्यू टीम, जिसमें 9 जवान और आपदा राहत उपकरण शामिल थे, दोपहर 1:40 बजे घटनास्थल पर पहुंची। टीम कमांडर ने स्थिति का जायजा लिया और एसडीआरएफ कमांडेंट को बताया कि क्षेत्र में हो रही भारी बरसात के कारण सभी नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम बरनावड़ा की रपट को पार करते समय शंकर पुत्र कल्याण गुर्जर (35) निवासी ग्राम कुतलपुर, पुलिस थाना बहरावंडा कलां, तहसील खंडार, सवाई माधोपुर, बनास नदी में डूब गया था। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा शव की तलाश के लगातार प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिली थी।
टीम कमांडर के निर्देश पर रेस्क्यू टीम के जवानों सुरेश कुमार, मुकेश कुमार, नरेंद्र सिंह, रम्भो सिंह, राम सिंह, विकास, विजय और राजेश ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सबसे पहले मोटर बोट को तेज गति से चलाकर नदी के पानी को हिलाया गया, उसके बाद बांस, बिलाई और रेस्क्यू रोप की सहायता से गहन सर्च किया गया। बुधवार शाम 7:15 बजे स्थानीय प्रशासन के आदेशानुसार सर्च ऑपरेशन को सुबह तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
गुरुवार को एसडीआरएफ टीम ने बनास नदी में पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मोटर बोट, बांस, बिलाई और रेस्क्यू रोप की सहायता से गहन सर्च जारी रखा। अथक परिश्रम और कड़ी मेहनत के बाद, टीम को दोपहर 3 बजे घटनास्थल से लगभग 150 मीटर की दूरी पर सफलता मिली। टीम ने डूबे हुए शंकर गुर्जर के शव को बरामद कर स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द किया।
एसडीआरएफ की इस तत्परता और कुशलता की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।
#बनासनदी #सवाईमाधोपुर #एसडीआरएफ #शवबरामद #आपदाराहत #बहरावंडाकलां #राजस्थान
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.