कोटा रेल मंडल में सुरक्षा दावों की खुली पोल: सवाई माधोपुर में 2 आईफोन चोरी, भवानीमंडी में महिला का पर्स उड़ाया

कोटा रेल मंडल में सुरक्षा दावों की खुली पोल: सवाई माधोपुर में 2 आईफोन चोरी, भवानीमंडी में महिला का पर्स उड़ाया

 

कोटा/सवाई माधोपुर | रेलवे प्रशासन की ओर से सुरक्षित यात्रा के बड़े-बड़े दावों के बीच कोटा रेल मंडल में शातिर चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामलों में बदमाशों ने सवाई माधोपुर स्टेशन पर दो महंगे आईफोन और भवानीमंडी में एक महिला यात्री का पर्स पार कर दिया।

केस 1: सवाई माधोपुर में चलती ट्रेन से कूदा आईफोन चोर

बड़ौदा निवासी निलम बारोठ ने बताया कि वह अपने पांच दोस्तों के साथ ऋषिकेश और मैसूर की यात्रा कर हरिद्वार-बांद्रा देहरादून एक्सप्रेस (19020) से वापस लौट रहे थे। सोमवार देर रात करीब 1:45 बजे जब ट्रेन सवाई माधोपुर स्टेशन पर थी, तभी स्लीपर कोच S-1 में एक बदमाश ने उनके दोस्त क्रिश पटेल और अमान मलिक के पास रखे दो आईफोन (कीमत क्रमशः 75 हजार और 50 हजार रुपये) चोरी कर लिए।

शोर मचने पर एक यात्री ने बताया कि उसने एक युवक को तेजी से कोच से बाहर भागकर चलती ट्रेन से कूदते देखा है। हालांकि, आरपीएफ सवाई माधोपुर ने किसी संदिग्ध के ट्रेन से उतरने की बात से इनकार किया है। बड़ौदा जीआरपी में दर्ज 'जीरो नंबर' एफआईआर अब सवाई माधोपुर भेजी जा रही है।

केस 2: भवानीमंडी में महिला यात्री का पर्स चोरी

चोरी की दूसरी वारदात बांद्रा-जयपुर एक्सप्रेस (22933) में हुई। यात्री सत्यवीर सिंह अपनी पत्नी के साथ भरूच से कोटा का सफर कर रहे थे। भवानीमंडी स्टेशन आने से ठीक पहले जैसे ही ट्रेन की रफ्तार कम हुई, एक अज्ञात बदमाश उनकी पत्नी का पर्स छीनकर चंपत हो गया। पर्स में मोबाइल, चांदी के कड़े, बिछिया और नगदी समेत काफी कीमती सामान था। इस मामले की शिकायत रामगंजमंडी आरपीएफ को दी गई है।

सवाई माधोपुर: चोरों का 'सेफ जोन' बनता स्टेशन?

उल्लेखनीय है कि सवाई माधोपुर स्टेशन पर चोरी और छिनझपटी की घटनाएं आम हो गई हैं। पूर्व में भी कई आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं, लेकिन ठोस कार्यवाही के अभाव में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित यात्रियों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद शिकायत करने के बावजूद जांच की प्रक्रिया काफी धीमी रहती है।


हैशटैग: #RailwayCrime #KotaRailwayDivision #SawaiMadhopur #TheftInTrain #iPhoneTheft #RPF #GRP #PassengerSafety #RailwayNews #CrimeUpdate

G News Portal G News Portal
79 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.