कोटा | 06 जनवरी, 2026 कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को चुस्त-दुरुस्त करने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) सौरभ जैन ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर हड़कंप की स्थिति रही और कई खामियां पाए जाने पर मौके पर ही सख्त निर्देश जारी किए गए।
सीनियर डीसीएम के स्टेशन पहुँचते ही प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से सामान बेच रहे वेंडरों में भगदड़ मच गई। कार्रवाई के डर से कई वेंडर अपनी खाद्य सामग्री मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।
सामग्री नष्ट: लावारिस छोड़ी गई बड़ी मात्रा में आलू बड़े, पकौड़े और खाने की थालियों को जैन ने तुरंत नष्ट करवाया।
जुर्माना: भागने का प्रयास कर रहे दो वेंडरों को पकड़ लिया गया, जिनसे मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
अवैध ट्रॉली बंद: निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म पर '10 नंबर' की एक ट्रॉली अवैध रूप से संचालित होती मिली, जिसे तुरंत प्रभाव से बंद करवा दिया गया।
स्टेशन निरीक्षण के बाद सीनियर डीसीएम टीटीई लॉबी पहुँचे। यहाँ रजिस्टरों का सही रखरखाव न पाकर उन्होंने भारी नाराजगी जताई। लापरवाही बरतने पर टीटीई सुशील और नरेश को जमकर डांट लगाई गई और भविष्य में सभी रिकॉर्ड्स को व्यवस्थित रखने की सख्त हिदायत दी गई।
हाल ही में 'कोटा रेल न्यूज़' द्वारा प्लेटफॉर्म नंबर दो पर राजधानी एक्सप्रेस के समय गायों के घूमने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इस पर संज्ञान लेते हुए जैन ने प्लेटफॉर्म पर उन रास्तों को चिन्हित किया जहाँ से मवेशी घुसते हैं और उन्हें तुरंत बंद करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीसीएम ने यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया:
नई स्टॉल: प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर 3 नई स्टॉल शुरू की गई हैं। खास बात यह रही कि जैन ने वहां मौजूद यात्रियों से ही इन स्टॉलों का उद्घाटन करवाया।
आगामी विस्तार: जल्द ही कोटा में 2 और नई स्टॉल खोली जाएंगी। इसके अलावा सवाई माधोपुर में 2, भवानीमंडी में 2 और बूंदी, भरतपुर व रामगंजमंडी में 1-1 नई स्टॉल शुरू होंगी।
वॉटर वेंडिंग मशीनें: यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर 21 वॉटर वेंडिंग मशीनें लगाने के लिए टेंडर आवंटित कर दिए गए हैं।
#KotaRailwayStation #SeniorDCM #RailwayInspection #IndianRailways #PassengerAmenities #RailwayAction #KotaNews #CleanRailways
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.