कोटा स्टेशन पर सीनियर डीसीएम का औचक निरीक्षण: अवैध वेंडरों में मची खलबली, खाने की सामग्री छोड़कर भागे; टीटीई को भी मिली फटकार

कोटा स्टेशन पर सीनियर डीसीएम का औचक निरीक्षण: अवैध वेंडरों में मची खलबली, खाने की सामग्री छोड़कर भागे; टीटीई को भी मिली फटकार

 

कोटा | 06 जनवरी, 2026 कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सोमवार को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) सौरभ जैन ने कड़ा रुख अपनाया। उनके औचक निरीक्षण से पूरे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।

अवैध वेंडरों पर गिरी गाज, खाद्य सामग्री नष्ट

निरीक्षण की खबर मिलते ही प्लेटफॉर्म पर सक्रिय अवैध वेंडरों में भगदड़ मच गई। कई वेंडर पकड़े जाने के डर से अपनी खाद्य सामग्री प्लेटफॉर्म पर ही छोड़कर भाग निकले। सीनियर डीसीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लावारिस मिली आलू बड़े, पकौड़े और खाने की थालियों को नष्ट करवाया। भागने की कोशिश कर रहे दो वेंडरों को मौके पर ही दबोच लिया गया और उनसे भारी जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से संचालित हो रही 10 नंबर ट्रॉली को भी तुरंत बंद कराने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर टीटीई को फटकार

स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जैन टीटीई लॉबी भी पहुँचे। वहां रजिस्टरों का रखरखाव ठीक नहीं पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। लापरवाही बरतने वाले टीटीई सुशील और नरेश को मौके पर ही फटकार लगाई गई और भविष्य में सभी रिकॉर्ड्स को सही ढंग से मेंटेन करने की सख्त हिदायत दी गई।

'कोटा रेल न्यूज़' की खबर का असर: गायों के प्रवेश पर रोक

हाल ही में प्लेटफॉर्म नंबर दो पर राजधानी एक्सप्रेस के समय गायों के घूमने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। सीनियर डीसीएम ने उन रास्तों को चिन्हित किया जहाँ से मवेशी प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करते हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग विभाग को इन रास्तों को तुरंत बंद करने के आदेश दिए ताकि यात्रियों की सुरक्षा और स्टेशन की स्वच्छता बनी रहे।

यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएँ: नई स्टॉल और वॉटर वेंडिंग मशीनें

निरीक्षण के दौरान यात्रियों के लिए राहत भरी खबरें भी सामने आईं:

  • नई स्टॉल: प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर 3 नई स्टॉलों का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्घाटन जैन ने वहां मौजूद यात्रियों से ही करवाया। जल्द ही कोटा और अन्य स्टेशनों (सवाई माधोपुर-2, बूंदी-1, भरतपुर-1, रामगंजमंडी-1 और भवानीमंडी-2) पर भी नई स्टॉलें खोली जाएंगी।

  • वॉटर वेंडिंग मशीन: यात्रियों को शुद्ध और सस्ता पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर 21 वॉटर वेंडिंग मशीनें लगाने के टेंडर जारी कर दिए गए हैं।


#KotaRailwayStation #SeniorDCM #RailwayInspection #IndianRailways #PassengerSafety #KotaNews #RailwayUpdate #ActionAgainstIllegalVendors

G News Portal G News Portal
122 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.