धौलपुर/बाड़ी - जिले के बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के कांसोटी खेड़ा गांव के पास शुक्रवार को सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर बाड़ी सदर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए।
बाड़ी के वृत्ताधिकारी (CO) महेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि कांसौटी खेड़ा गांव के नजदीक सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका प्रबल हो रही है। हालांकि, यह हत्या है या कोई हादसा, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के हर पहलू पर गहराई से छानबीन कर रही है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इस मामले को हत्या से जोड़कर देख रही है। शुरुआती साक्ष्यों से पुलिस का मानना है कि वारदात को किसी अन्य स्थान पर अंजाम दिया गया है और शव को बाद में यहां लाकर फेंका गया है। मृतक के सिर के बालों में बजरी के कण मिले हैं, जबकि घटनास्थल के आसपास बजरी नहीं पाई गई है। इससे पुलिस का शक और गहरा होता जा रहा है कि हत्या कहीं और की गई है।
सीओ महेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतक की शिनाख्त करना है। शव की पहचान होने के बाद ही इस मामले की जांच को सही दिशा मिल सकेगी और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में युवक की पहचान करने के प्रयास कर रही है।
हैशटैग: #बाड़ी #धौलपुर #हत्या #अज्ञातशव #सड़ककिनारे #अपराध #पुलिस #जांच #फोरेंसिकटीम #राजस्थानपुलिस
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.