कोटा। कोटा रेल मंडल में चोरी की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। बुधवार और गुरुवार रात एक बार फिर यात्रियों को निशाना बनाते हुए करीब 40 लाख रुपए मूल्य के जेवरात, पर्स, मोबाइल और सूटकेस चोरी होने के मामले सामने आए हैं।
यात्रियों ने इन घटनाओं की शिकायत जीआरपी व आरपीएफ से की है।
गंगापुर जीआरपी के अनुसार बदायूं निवासी शशि गुप्ता अपने परिवार संग मुंबई में शादी समारोह में भाग लेकर लौट रही थीं। उनका रिजर्वेशन मुंबई–काठगोदाम साप्ताहिक स्पेशल (09075) के सेकंड एसी कोच में था।
शशि ने नंबर लॉक वाला सूटकेस सीट के नीचे रखा हुआ था, जिसमें कीमती जेवर थे। रात 12 से सुबह 4 बजे के बीच किसी ने सूटकेस खोलकर सारे जेवर चोरी कर लिए।
बदायूं पहुंचने पर चोरी का पता चला, जिसके बाद वहीं एफआईआर दर्ज हुई। जीरो नंबर की रिपोर्ट गंगापुर जीआरपी को भेजी गई, जिसने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना दरा–हिंडौन के बीच हुई मानी जा रही है।
जांच में कोटा स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, जिससे सवाल और गंभीर हो गए हैं। कोच अटेंडेंट से भी पूछताछ की जा रही है। लौटते समय उसे कोटा में ही आरपीएफ ने उतारकर पूछताछ की थी।
पोरबंदर निवासी दिनेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ हरिद्वार–बांद्रा देहरादून ट्रेन में यात्रा कर रहे थे। तड़के 3 से 4 बजे के बीच पत्नी का पर्स चोरी हो गया।
पर्स बाद में बाथरूम में मिला, लेकिन उसमें रखा मोबाइल और 7 हजार नगद गायब थे।
दिनेश ने बताया कि घटना केशोरायपाटन–कोटा के बीच हुई। उनका कहना है कि इसी ट्रेन में जाते समय भी चोरी की वारदात हुई थी।
जयपुर निवासी प्रसून भारद्वाज ने बताया कि उनकी बेटी पूर्वी, जो भोपाल में पढ़ाई करती है, कुरनूल–दुर्गापुरा (19714) में सफर कर रही थी।
रात करीब 1 बजे रामगंजमंडी स्टेशन से पहले एक बदमाश उसका सूटकेस लेकर भाग गया, जिसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। शिकायत जयपुर जीआरपी में दर्ज करायी जा रही है।
यात्री अशोक ने बताया कि उनकी मामी अंजलि, अमृतसर–मुंबई डीलक्स के बी-3 कोच में यात्रा कर रही थीं। हिंडौन स्टेशन के बाद पता चला कि उनका एप्पल मोबाइल चोरी हो गया है।
मोबाइल स्मार्टवॉच से जुड़ा होने के कारण लोकेशन ट्रेन के भीतर ही मिल रही थी, लेकिन चोर पकड़ में नहीं आया।
यात्री अनुश्री ने बीकानेर–बांद्रा (04711) के स्लीपर में यात्रा के दौरान बताया कि तड़के 3:30 बजे विक्रमगढ़ आलोट–लूनी रिछा के बीच उसका मोबाइल चोरी हो गया।
उसने नागदा और रतलाम स्टेशनों पर शिकायत दर्ज कराई।
लगातार हो रही वारदातों से यात्री दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है। कई स्टेशनों के कैमरे बंद होने से जांच भी प्रभावित हो रही है।
#KotaNews #RailwayCrime #TrainTheft #GRP #RPF #RajasthanNews #IndianRailways #RailSafety #KotaRailDivision
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.