रेलवे के कई अन्य नेताओं पर भी आय से अधिक संपत्ति का शक, मजदूर संघ में हड़कंप

रेलवे के कई अन्य नेताओं पर भी आय से अधिक संपत्ति का शक, मजदूर संघ में हड़कंप

कोटा। पश्चिम-मध्य रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा के घर सीबीआई छापे और आय से अधिक संपत्ति के मामले ने रेलवे में हड़कंप मचा दिया है। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि रेलवे के और भी कई नेताओं के पास आय से अधिक संपत्ति हो सकती है। ये नेता विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। नौकरी में रहते हुए भी, इन नेताओं ने और अधिक कमाई के लिए अपने परिजनों के नाम से होटल और अन्य प्रतिष्ठान खोल रखे हैं।

इतना ही नहीं, ये नेता रेलवे द्वारा उपलब्ध कराए गए भवनों को भी नियम विरुद्ध तरीके से शादी समारोहों और अन्य आयोजनों के लिए किराए पर देकर अवैध कमाई में जुटे हुए हैं। आरोप यह भी है कि अपने निजी कार्यक्रमों में लगे टेंट और अन्य सामान के लाखों रुपये का भुगतान भी वे संगठन का कार्यक्रम बताकर कर्मचारियों के चंदे से करते हैं।


अशोक शर्मा हो सकते हैं गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो सीबीआई अशोक शर्मा को हिरासत में लेकर भी पूछताछ कर सकती है। यदि सीबीआई को संतोषजनक जवाब नहीं मिलते हैं, तो अशोक शर्मा की गिरफ्तारी भी संभव है। आमतौर पर, सीबीआई किसी व्यक्ति के खिलाफ मामला तभी दर्ज करती है जब गिरफ्तारी निश्चित होती है।


मजदूर संघ में दिनभर रही चर्चा

इधर, पश्चिम-मध्य रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा शनिवार को दिनभर चर्चा का केंद्र बने रहे। कर्मचारी एक-दूसरे से इस मामले की जानकारी लेते और अशोक शर्मा से जुड़ी खबर को जमकर शेयर करते नजर आए। कई कर्मचारी इस खबर से आश्चर्यचकित थे और लगातार अपडेट लेने की कोशिश कर रहे थे।

हालांकि, संघ से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को अशोक शर्मा की खबर पर विश्वास ही नहीं हो रहा था। कई नेता और कार्यकर्ता तो इस खबर को गलत बताने में जुटे रहे।


क्या है पूरा मामला?

उल्लेखनीय है कि भोपाल में सीबीआई ने अशोक शर्मा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसी के तहत सीबीआई ने गुरुवार रात अशोक शर्मा के घर पर छापामार कार्रवाई भी की थी। बताया जा रहा है कि अशोक शर्मा आय से अधिक संपत्ति की जानकारी से सीबीआई को संतुष्ट नहीं कर पाए हैं, जिससे उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।


#रेलवेघोटाला #आयसेअधिकसंपत्ति #सीबीआईछापा #अशोकशर्मा #रेलवेनेता #भ्रष्टाचार #मजदूरसंघ #कोटा #रेलवेन्यूज़ #गिरफ्तारीकीआशंका

G News Portal G News Portal
150 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.