Shri Ram Katha : कोटा में आचार्य धीरेंद्र शास्त्री करेंगे श्रीराम कथा, तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट

Shri Ram Katha : कोटा में आचार्य धीरेंद्र शास्त्री करेंगे श्रीराम कथा, तैयारियां तेज, प्रशासन अलर्ट

कोटा। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य पंडित धीरेंद्र शास्त्री आगामी 23 से 25 जनवरी तक राजस्थान के कोटा जिले के रामगंजमंडी में श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। राम कथा गौमाता महोत्सव को लेकर प्रशासन और आयोजकों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

श्रीराम कथा के आयोजन के लिए करीब 100 बीघा क्षेत्र में विशाल कथा पंडाल लगाया जाएगा, जबकि 400 बीघा भूमि में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। कथा स्थल तक जाने वाले सभी मार्ग खुले रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अतिक्रमण को समझाइश से हटाया जाएगा

प्रशासनिक बैठक में मंत्री मदन दिलावर के निर्देश

राज्य मंत्री मदन दिलावर ने राम कथा गौमाता महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंत्री ने कहा कि पार्किंग, आवागमन, भोजन, बिजली और पानी जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभाग पूरी तरह अलर्ट रहें। उन्होंने बताया कि वे 15 जनवरी को स्वयं कथा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

मंत्री दिलावर ने यह भी कहा कि खोया-पाया और चोरी की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस को विशेष व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए स्काउट-गाइड के स्वयंसेवकों की मदद ली जा सकती है।

22 से 25 जनवरी तक सक्रिय रहेगा पुलिस थाना

डीएसपी घनश्याम मीणा ने बताया कि कथा स्थल पर 22 जनवरी से 25 जनवरी तक अस्थायी पुलिस थाना सक्रिय रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 500 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

कथा स्थल पर डॉक्टरों की टीम तैनात

सीएमएचओ नरेंद्र नागर ने बताया कि कथा स्थल पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां दोनों पारियों में 10-10 डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग के चिकित्सक भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मौके पर मौजूद रहेंगे।

24 घंटे पानी की आपूर्ति

अधिकारियों ने बताया कि कथा स्थल के समीप दो कुएं चिन्हित किए गए हैं। उनके पानी के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं। दोनों कुओं में पर्याप्त पानी उपलब्ध है और मोटर लगाकर 24 घंटे जल आपूर्ति की जाएगी।

200 से अधिक पोर्टेबल शौचालय

रामगंजमंडी नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी तरुण लहरी ने बताया कि 18 जनवरी तक 200 से अधिक पोर्टेबल शौचालय कथा स्थल पर पहुंच जाएंगे। आवश्यकता पड़ने पर कोटा संभाग की अन्य नगर निकायों से करीब 500 अतिरिक्त शौचालय मंगवाए जाएंगे।

निर्बाध बिजली आपूर्ति के इंतजाम

बिजली आपूर्ति के लिए कथा स्थल पर 630 केवी क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 630 केवी का एक ट्रांसफार्मर रिजर्व में रखा जाएगा, ताकि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन और आयोजकों का दावा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

G News Portal G News Portal
110 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.