जयपुर/चौमूं। चौमूं कस्बे में शांति भंग करने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ भजनलाल सरकार ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार सुबह नगर परिषद की टीम भारी पुलिस जाप्ते के साथ पठान कॉलोनी और इमाम चौक पहुँची और अवैध रूप से बने निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
चौमूं थाना एसएचओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि हिंसा के बाद चिन्हित किए गए 24 पत्थरबाजों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए थे। इन्हें अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया था। मियाद पूरी होने और कोई वैध दस्तावेज पेश न करने पर प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई का मुख्य विवरण:
अवैध बूचड़खाने: करीब 20 अवैध बूचड़खानों को ध्वस्त किया गया।
अवैध निर्माण: 4 पक्के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला।
बरामदगी: ध्वस्तीकरण के दौरान मलबे से एक एयर पिस्टल भी बरामद हुई है।
जब नगर परिषद की टीम इमाम चौक पहुँची, तो वहां कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस की समझाइश और सख्त पहरे के बीच प्रदर्शनकारी पीछे हट गए। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे कस्बे में संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, "यह कार्रवाई स्पष्ट करती है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। उपद्रव और हिंसा करने वालों पर कठोर कार्रवाई सरकार की प्रतिबद्धता है।"
26 दिसंबर को चौमूं बस स्टैंड के पास एक धार्मिक स्थल से अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद बढ़ गया था। आधी रात को भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया था, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में 110 लोगों को डिटेन किया था, जिनमें से 19 की गिरफ्तारी हो चुकी है और 15 फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रशासन की इस कार्रवाई पर कुछ लोगों ने षडयंत्र का आरोप लगाया है, वहीं कई स्थानीय निवासियों ने अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम को जायज ठहराया है।
#ChomuNews #BulldozerAction #RajasthanPolice #JaipurNews #LawAndOrder #BhajanlalGovernment #EncroachmentDrive #ZeroTolerance
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.