डीग/बृज नगर: अन्नदाता की मेहनत और सरकारी व्यवस्था की पोल खोलती एक शर्मनाक तस्वीर डीग जिले के बृज नगर कस्बे से सामने आई है। यहाँ की कृषि उपज मंडी में पसीना बहाकर फसल उगाने वाला किसान बेहाल है। एक ओर जहाँ बेमौसम बारिश ने फसलों को भिगो दिया है, वहीं दूसरी ओर मंडी के सुरक्षित डोम (शेड) में व्यापारियों का माल जमा होने के कारण किसानों को खुले आसमान के नीचे अपनी फसल छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
हैरानी की बात यह है कि जिस डोम को किसानों की फसल सुरक्षा के लिए बनाया गया था, वहां व्यापारियों का माल सुरक्षित रखा हुआ है। बारिश के कारण मंडी में खुले में रखी किसानों की फसल पूरी तरह भीग गई और सड़ने के कगार पर पहुंच गई। हालत यह है कि भीगी हुई फसल को व्यापारी कम दाम बताकर ठुकरा रहे हैं, जिससे हताश किसान अपनी मेहनत को वापस घर ढोने पर मजबूर है।
व्यवस्थाओं पर सवाल उठने और मामले की जानकारी मिलने के बाद मंडी प्रशासन की नींद खुली। मंडी सचिव अभिषेक शर्मा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए डोम को खाली करवाकर किसानों की फसल वहां रखवाने के कड़े निर्देश जारी किए।
मंडी सचिव का बयान: अभिषेक शर्मा ने बताया कि मंडी के डोम में लगभग चार हजार कट्टों को रखने की पर्याप्त व्यवस्था है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को प्राथमिकता दी जाए और उनकी फसलों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए।
स्थानीय किसानों का कहना है कि यह स्थिति प्रशासनिक अनदेखी का नतीजा है। यदि समय रहते व्यापारियों के कब्जे से डोम खाली करा लिए जाते, तो बारिश में उनकी लाखों की फसल बर्बाद होने से बच सकती थी। अब देखना यह होगा कि निर्देशों के बाद क्या वास्तव में किसानों को राहत मिलती है या उन्हें फिर से अपनी भीगी फसल के साथ मंडी के चक्कर काटने पड़ेंगे।
#DeegNews #FarmerProtest #MandiUpdate #RajasthanAgriculture #KisanKiPukar #RainDamage #SystemFail #BrijNagarNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.