डीग, भरतपुर: डीग कस्बे से एक बेहद ही गंभीर और अमानवीय मामला सामने आया है, जहाँ लोहागढ़ रोडवेज बस के एक हठधर्मी ड्राइवर ने 108 एंबुलेंस में मौजूद एक प्रसूता महिला मरीज के जीवन को संकट में डाल दिया। ड्राइवर की संवेदनहीनता और जिद्द के कारण एंबुलेंस को काफी देर तक रास्ता नहीं मिल पाया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों और एंबुलेंसकर्मियों में भारी आक्रोश देखा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोहागढ़ डिपो की भरतपुर-नगर-अलवर के बीच चलने वाली रोडवेज बस (आरजे 05 पीए 7062) के ड्राइवर की हठधर्मिता ने 108 एंबुलेंस (आरजे 05 पीए 5793) में सवार एक गंभीर प्रसूता महिला मरीज के जीवन को खतरे में डाल दिया। एंबुलेंसकर्मी और मौके पर मौजूद लोगों द्वारा समझाने-बुझाने के बावजूद भी रोडवेज बस ड्राइवर का दिल नहीं पसीजा। लोगों के आक्रोशित होने और हंगामा करने के बाद ही बस ड्राइवर ने एंबुलेंस को रास्ता दिया।
108 एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी शक्तिसिंह और पायलट जयदेव सिंह ने बताया कि वे डीग अस्पताल से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल के लिए रेफर की गई एक प्रसूता महिला को आपातकालीन स्थिति में लेकर आ रहे थे। डीग कस्बे में भूड़ा गेट और अऊ दरवाजे के बीच रोडवेज बस ड्राइवर ने सड़क पर पर्याप्त जगह होने के बावजूद 108 एंबुलेंस को रास्ता देने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, बस ड्राइवर ने एंबुलेंसकर्मियों से भी उलझने की कोशिश की।
एंबुलेंसकर्मियों ने बताया कि उन्होंने लगातार 108 एंबुलेंस का सायरन बजाया और महिला मरीज की गंभीर हालत को लेकर बस ड्राइवर से कई बार विनती भी की, लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा। रोडवेज ड्राइवर की इस संवेदनहीन और अमानवीय हरकत से न केवल लोगों में, बल्कि महिला मरीज और एंबुलेंसकर्मियों में भी बेहद नाराजगी व्याप्त हो गई। इस हठधर्मी रोडवेज बस ड्राइवर के खिलाफ पुलिस, प्रशासन और रोडवेज के उच्च अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
#बेशर्मीकीपराकाष्ठा #डीग #रोडवेज #एंबुलेंस #जीवनसंकटमें #अमानवीय #भरतपुर #108एंबुलेंस #सड़कसुरक्षा #आपातकालीनसेवाएं #ड्राइवरकीहठधर्मिता #राजस्थान #Deeg #Roadways #AmbulanceCrisis #InhumanAct #Bharatpur
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.