Rail News। अजमेर रेल मंडल के सेंदड़ा (ब्यावर) स्टेशन के पास शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया, जब मुंबई-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (12216) के विद्युत इंजन में अचानक भीषण आग लग गई। तड़के करीब 3 बजे हुई इस घटना ने यात्रियों में अफरा-तफरी मचा दी, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस आग को बुझाने में पांच दमकलों को करीब 6 घंटे लगे, और लगातार बारिश के कारण बचाव कार्य में भी बाधा आई।
बताया जा रहा है कि समय रहते ट्रेन चालकों को इंजन में लगी आग का पता चल गया। चालकों ने तुरंत आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और इंजन को डिब्बों से अलग कर दिया। इस सूझबूझ के कारण ट्रेन में सवार 500 से अधिक यात्रियों की जान बच गई। आग की खबर से यात्री घबरा गए और सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े।
आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने पूरे इंजन को अपनी चपेट में ले लिया। चंद घंटों में ही लगभग 20 करोड़ रुपए की लागत वाला विद्युत इंजन पूरी तरह से जलकर कबाड़ हो गया। एक विद्युत इंजन की अनुमानित लागत करीब 20 करोड़ रुपये होती है।
आग लगने की सूचना से अजमेर मंडल में हड़कंप मच गया। तुरंत ही सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना के कारण सुबह तक रेल संचालन प्रभावित रहा और घटना स्थल से ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया। दमकल पहुंचने से पहले रेल कर्मचारियों ने भी अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया था।
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद एक दूसरा इंजन लगाकर गरीब रथ ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की गहन जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
#गरीबरथरेंन #इंजनमेंआग #रेलहादसा #अजमेरमंडल #सेंदड़ा #ब्यावर #यात्रीसुरक्षित #रेलदुर्घटना #भारतीयरेलवे #कोटा #अग्निकांड
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.