शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबने से तीन की मौत, एक गंभीर

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबने से तीन की मौत, एक गंभीर

करौली। जिले की नादौती तहसील के राैंसी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे से शादी की खुशियां गम में बदल गईं। गांव के मंडेका तालाब में नहाने के दौरान चार लोग गहरे गड्ढे में डूब गए। चारों को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नादौती ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एक 20 वर्षीय महिला सोनिया वाल्मीकि की सांसें चल रही थीं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंगापुरसिटी अस्पताल और फिर जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

यह दुखद घटना राैंसी निवासी दीपक हरिजन की 17 मई को होने वाली शादी के दौरान हुई। शादी समारोह में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ के इंद्रा कॉलोनी निवासी काजल (30) पत्नी राहुल वाल्मिक, उनकी रिश्तेदार सोनिया वाल्मिक (20) निवासी देवीगढ़, कनौर जिला पटियाला (पंजाब), और रानी (13) पुत्री राजेश वाल्मिक राैंसी आए थे। शनिवार दोपहर ये सभी राैंसी के मंडेका तालाब में नहाने गए। इनके साथ राैंसी गांव का 11 वर्षीय बालक विराट पुत्र राजेश भी तालाब पर स्नान करने के लिए गया था।

बताया जा रहा है कि तालाब में पानी सूख चुका है, लेकिन इसके भराव क्षेत्र में गहरे गड्ढे हैं, जिनमें पानी भरा हुआ है। नहाने के दौरान ये चारों गहरे गड्ढे में डूब गए। तालाब के पास खड़े दीपक (23) पुत्र कुलदीप वाल्मीकि, जिसकी 17 मई को शादी है, उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया, लेकिन डूब रहे चारों लोगों ने उसे एक साथ पकड़ लिया, जिससे वह भी डूबने लगा। जैसे-तैसे वह खुद को बाहर निकालने में सफल रहा और उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और उन्होंने चारों को पानी से बाहर निकाला।

तत्काल उपचार के लिए सभी को सीएचसी नादौती ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने काजल, रानी और विराट को मृत घोषित कर दिया। सोनिया वाल्मिक की सांसें चल रही थीं, जिसके चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंगापुरसिटी अस्पताल और फिर जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। पत्रकार राजेश आदिवासी के अनुसार, सोनिया पंजाब की रहने वाली हैं और उनका इलाज एसएमएस अस्पताल के कमरा नंबर 104AB में चल रहा है।

चूंकि सोनिया पंजाब की निवासी हैं, इसलिए उन्हें राजस्थान राज्य में मुफ्त इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही है। यह सभी पीड़ित वाल्मीकि समाज के गरीब परिवार से हैं। पत्रकार राजेश आदिवासी ने प्राथमिक मदद की थी, लेकिन सोनिया के आगे के इलाज के लिए और अधिक आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। सोनिया की बहन रेशमा वाल्मिक अभी जयपुर नहीं पहुंची हैं।

पत्रकार राजेश आदिवासी और राैंसी गांव के लोगों ने माननीय लोगों और समाजसेवियों से सोनिया वाल्मीकि के इलाज के लिए आर्थिक सहायता करने की अपील की है। राैंसी गांव के लोगों से यह भी निवेदन किया गया है कि वे एक समूह बनाकर सोनिया वाल्मीकि और मृतक परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करें।

#करौली #राैंसी #तालाब #डूबने #दर्दनाकहादसा #मौत #सोनियावाल्मीकि #मदद #राजस्थान #पंजाब #वाल्मीकि #शादी #मातम

G News Portal G News Portal
845 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.