Rail News: कोटा रेल मंडल में ट्रेनों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार और शुक्रवार को चार और नए मामले सामने आए हैं, जिनमें यात्रियों से ज्वेलरी, मोबाइल फोन और नगदी की चोरी हुई है। यात्री सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आगरा-असारवा स्पेशल ट्रेन से पर्स चोरी सूरत निवासी मित्तल शुक्ला ने बताया कि वह अपने परिवार के 30 सदस्यों के साथ आगरा-असारवा स्पेशल ट्रेन (01919) के स्लीपर कोच में उदयपुर जा रहे थे। रास्ते में, केशवरायपाटन पहुंचने से ठीक पहले उनके अंकल जयेश श्रीमाली का पर्स चोरी हो गया। पर्स में दो मोबाइल, दो हजार रुपए नकद और एटीएम कार्ड समेत जरूरी कागजात थे। मित्तल ने आशंका जताई कि चोरी सवाई माधोपुर स्टेशन पर तड़के 3:30 से 4:30 बजे के बीच हुई होगी। बाद में खाली पर्स कोच में ही मिल गया, जिसमें से मोबाइल और पैसे गायब थे। इसकी रिपोर्ट सूरत जीआरपी में दर्ज करवाई जाएगी।
जयपुर-मैसूर ट्रेन से 28 हजार का मोबाइल गायब जयपुर निवासी नवीन सैन अपनी पत्नी के साथ 22 सितंबर को जयपुर-मैसूर ट्रेन (12976) से सवाई माधोपुर से उज्जैन जा रहे थे। नागदा पहुंचने पर उन्हें स्लीपर कोच के चार्जिंग पॉइंट पर लगा उनका 28 हजार रुपए कीमत का मोबाइल गायब मिला। नवीन ने नागदा जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसे जीरो नंबर पर दर्ज कर शामगढ़ जीआरपी को भेजा गया है।
चलती ट्रेन से यात्री का बैग चोरी एक अन्य शिकायत में, करवी नामक यात्री ने बताया कि वह गाड़ी संख्या 05075 के स्लीपर कोच में मुंबई से काठगोदाम का सफर कर रही थीं। सफर के दौरान सुबह करीब 4:30 बजे जब वह बाथरूम गईं और वापस लौटीं, तो उनकी सीट पर रखा बैग गायब था। बैग में मोबाइल सहित अन्य जरूरी सामान था।
बीकानेर-बांद्रा ट्रेन में ज्वेलरी चोरी यात्री हिमांशु ने रामगंज मंडी में शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपनी मां के साथ बीकानेर-बांद्रा ट्रेन (04711) के बीई कोच में सीकर से सूरत की यात्रा कर रहा था। ट्रेन के कोटा पहुंचने से पहले उनकी मां का पर्स चोरी हो गया। पर्स में मोबाइल, पांच हजार रुपए नकद, ज्वेलरी और जरूरी सामान था।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है, ताकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
#KotaRailMandal #TrainTheft #RailSafety #RailwayCrime #MobileChori #JewelleryTheft #GRP #PassengerSafety
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.