दौसा। दौसा जिले के बसवा कस्बे के पास नीमला रोड पर गोमलाडू की ढाणी के समीप सड़क किनारे बने एक सूखे कुएं में बाइक सहित गिरने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना शनिवार रात को हुई, जिससे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अलवर जिले के नीमला गांव में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए नवीन गुर्जर (16) पुत्र निरंजन गुर्जर निवासी भगेरी कलां, किशनगढ़ बास, अलवर अपनी टीम के साथ आया था। शनिवार रात करीब 10 बजे, वह अपने साथियों के साथ बसवा कस्बे में अलवर-सिकंदरा मेगा हाईवे पर स्थित एक होटल में खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद नवीन अपने साथियों को बाइक से नीमला छोड़कर वापस अन्य साथियों को लेने के लिए होटल आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में गोमलाड़ू की ढाणी के पास सड़क पर घुमाव के पास बने सूखे कुएं में अंधेरा होने के कारण उसे वह दिखाई नहीं दिया।
नवीन बाइक सहित करीब 80 फीट गहरे कुएं में गिर गया। उसके दोस्त होटल पर उसके आने का इंतजार करते रहे, और जब वह नहीं आया तो सभी दोस्त पैदल नीमला की तरफ चल दिए। रास्ते में कुएं के पास मोटरसाइकिल के पहियों के निशान देखकर साथियों ने कुएं में देखा तो नवीन बाइक सहित उसमें पड़ा हुआ था।
एएसआई मुकेश कुमार और उनकी टीम मौके पर पहुंची और नवीन को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा और संसाधनों की कमी के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में, कांस्टेबल धारासिंह ने रस्सी की सहायता से कुएं में उतरकर सुबह करीब 4 बजे नवीन को बाहर निकाला और बसवा सीएचसी पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रविवार सुबह परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव उन्हें सौंप दिया।
प्रशासन की गंभीर लापरवाही उजागर: लोगों ने इस घटना के लिए प्रशासनिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि एक ओर सरकार सूखे कुएं और खुले बोरवेलों को बंद करने के आदेश दे रही है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के कारण खुले कुओं में ऐसे हादसे हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि बसवा-नीमला सड़क पर ढाणी के पास घुमाव के बिल्कुल सामने यह सूखा कुआं कई वर्षों से खुला पड़ा है। अंधेरे के चलते रात के समय यह दिखाई नहीं देता, जिससे इसमें गिरने से हादसे हो जाते हैं।
दो दिन पहले भी नीमला से बसवा की तरफ जा रही एक कार सवार को यह कुआं दिखाई नहीं दिया था, जिसके कारण कार कुएं में लटक गई थी। कुछ वर्ष पूर्व भी बाइक सवार दो युवक इसी कुएं में गिर चुके हैं। इसके बावजूद, प्रशासन ने आज तक इस कुएं को बंद करने पर कोई ध्यान नहीं दिया है। लोगों ने अधिकारियों से सूखे पड़े खुले कुएं को जल्द से जल्द बंद कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
#दौसा #बसवा #सड़कहादसा #कुएंमेंगिरा #नवीनगुर्जर #प्रशासनिकलापरवाही #कबड्डीखिलाड़ी #अलवर #सुरक्षा #सड़कसुरक्षा
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.