राजस्थान में पर्यटन उद्योग को मिली नई उड़ान, 96967 करोड़ रुपये के एमओयू हुए

राजस्थान में पर्यटन उद्योग को मिली नई उड़ान, 96967 करोड़ रुपये के एमओयू हुए

राजस्थान सरकार ने पर्यटन उद्योग को मजबूत करने और निवेशकों को आकर्षित करने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम लागू किया है। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नेतृत्व में राजस्थान पर्यटन विभाग तेजी से काम कर रहा है। पर्यटन क्षेत्र में अब तक 96,967.61 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

पर्यटन क्षेत्र को नई उड़ान

पर्यटन सचिव रवि जैन ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी के नेतृत्व में राजस्थान को निवेश की नई ऊंचाई मिली है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 ने राज्य के पर्यटन उद्योग को बड़ा बढ़ावा दिया है। इस समिट में 1320 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ये निवेश होटल, रिसॉर्ट, मनोरंजन पार्क, साहसिक पर्यटन, फिल्म सिटी, ईको-टूरिज्म, ग्रामीण पर्यटन, हेरिटेज संरक्षण, वेलनेस रिसॉर्ट और संग्रहालय जैसे क्षेत्रों में हुए हैं।

आईफा अवॉर्ड्स का आयोजन

राज्य में मार्च 2025 में जयपुर में आईफा अवॉर्ड्स का आयोजन होगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान की पहचान को और मजबूत करेगा। यह आयोजन न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगा, बल्कि राज्य की कला-संस्कृति को भी वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा। यह आईफा का सिल्वर जुबली संस्करण होगा और भारत में मुंबई के बाद जयपुर में आयोजित किया जाएगा।

पर्यटन विकास के लिए बजट प्रावधान

पर्यटन स्थलों के संरक्षण और नई परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार ने 5000 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। पर्यटन सचिव ने कहा कि राजस्थान संस्कृति, परंपरा और आधुनिकता का संगम है, जो इसे एक अनोखा पर्यटन स्थल बनाता है।

महिला पर्यटकों की सुरक्षा पर जोर

महिला और एकल पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 15 फरवरी 2024 से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत पर्यटक सहायता बल ने असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की है।

सांस्कृतिक आयोजनों का योगदान

राजस्थान के सांस्कृतिक मेले और त्योहार, जैसे पुष्कर मेला, ऊंट उत्सव, और मरू महोत्सव ने राज्य की पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूत किया है। पिछले एक साल में 38 सांस्कृतिक आयोजनों ने पर्यटन को बढ़ावा दिया है।

कौशल विकास और रोजगार

मुख्यमंत्री पर्यटन कौशल विकास कार्यक्रम के तहत अगले दो वर्षों में 20,000 युवाओं और लोक कलाकारों को पारंपरिक कला, गाइड और हॉस्पिटैलिटी का प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार किया जाएगा।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार

पर्यटन विभाग को हाल ही में कई प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले हैं, जिनमें 'बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन', 'बेस्ट डोमेस्टिक स्टेट अवार्ड' और 'फेवरेट रोड ट्रिप्स डेस्टिनेशन' शामिल हैं। इसके अलावा, विभाग ने 'बेस्ट डिजिटल मार्केटिंग बॉय स्टेट अवार्ड' और अन्य प्रमुख पुरस्कार भी जीते हैं। ये उपलब्धियां राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय छवि को और मजबूत करती हैं।

राजस्थान सरकार की ये पहलकदमियां पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और विकास के नए आयाम खोल रही हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ हो रहा है।

G News Portal G News Portal
453 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.