मांगें पूरी न होने पर ट्रैकमेंटेनरों का फूटा गुस्सा, डीआरएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

मांगें पूरी न होने पर ट्रैकमेंटेनरों का फूटा गुस्सा, डीआरएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

 

कोटा। लंबे समय से अपनी मांगें पूरी न होने से नाराज ट्रैकमेंटेनरों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ट्रैकमेंटेनरों ने शाम को एक विशाल रैली निकाली और डीआरएम कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

रेलवे एम्प्लॉईज यूनियन के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन के बाद, ट्रैकमेंटेनरों ने डीआरएम अनिल कालरा को अपनी 33 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। डीआरएम कालरा ने ट्रैकमेंटेनरों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है।


यूनियन की प्रमुख माँगें और मुद्दे:

विरोध प्रदर्शन के दौरान, यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि 4 साल बाद निकली 10 प्रतिशत इनटेक कोटे की वैकेंसी में ट्रैकमेंटेनरों को केवल सात पदों पर नियुक्ति मिली, जबकि इंजीनियरिंग के अलावा अन्य विभागों में इनटेक कोटा जारी नहीं किया गया।

गालव ने पिक एंड चूज करते हुए मनमाने तरीके से ट्रैकमेंटेनरों का विभाग परिवर्तन करने, साइकिल अनुरक्षण भत्ते का एरियर सहित भुगतान करने, डबल की-मैन लगाने, गैंग हट या रेस्ट रूम बनाने, किसी काम से डीआरएम ऑफिस बुलाने पर ट्रैकमेंटेनरों को अतिरिक्त विश्राम देने, अच्छी क्वालिटी के प्रोटेक्टिव गियर प्रतिवर्ष समय से देने, ड्यू प्रोटेक्टिव गियर के लिए एरियर का भुगतान करने, कंडम आवासों को तोड़कर ट्रैकमेंटेनरों को एचआरए का भुगतान करने, 500 मीटर से अधिक दूरी वाले आवासों के गेटमैनों को डबल रेस्ट देने, तथा इंजीनियरिंग मैनुअल को अद्यतन करने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की मांग की।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने एलसी गेटों पर स्वच्छ पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था करने, डाढदेवी स्टेशन जाने के लिए एप्रोच रोड बनाने, एचआरएमएस की समस्या समाधान के लिए कल्याण निरीक्षक को ट्रैकमेंटेनरों के पास भेजने, जेई/पीवे और ट्रैकमेंटेनरों के रिक्त पदों को भरने, घटिया की जगह ट्रैकमेंटेनरों को अच्छी क्वालिटी के जूते, विंटर एवं सेफ्टी जैकेट और रेन कोट देने, पेट्रोलमैन और चाबीवालों को रक्षक डिवाइस उपलब्ध कराने तथा सभी ट्रैक मशीनों पर 21/7 का रोस्टर लागू करने जैसे मुद्दे भी उठाए।

सभा को यूनियन के सहायक महामंत्री नरेश मालव, जोनल उपाध्यक्ष हेमंत राठौर, सहायक मंडल सचिव राजूलाल गुर्जर और राहुल मेवाड़ा आदि ने भी संबोधित किया।

#TrackMaintainersProtest #RailwayUnion #DRMOffice #Kotarailway #WorkersRights #Demands #Protest #IndianRailways #EmployeeWelfare

G News Portal G News Portal
71 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.