कोटा। कोटा रेल मंडल में रविवार को सभी ट्रेनों की समय पालना (पंक्चुअलिटी) सौ प्रतिशत रही। यानी कोई भी मेल-एक्सप्रेस ट्रेन लेट नहीं हुई। सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलीं। इससे खुश डीआरएम अनिल कालरा ने सोमवार को कंट्रोल रूम में केक काटा। इसके बाद केक से मुंह मीठा कराकर समय पर ट्रेनें चलाने के लिए परिचालन और कंट्रोल विभाग को बधाई दी।
कोटा मंडल पहले नंबर पर:
समय पर ट्रेनें चलाने के लिए पश्चिम-मध्य रेलवे में कोटा मंडल पहले नंबर पर है। इस समय कोटा मंडल की पंक्चुअलिटी 90 प्रतिशत से अधिक चल रही है, जबकि भोपाल 80 और जबलपुर मंडल को पंक्चुअलिटी का 75 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। कोटा मंडल में ट्रेनों की समय पालना जनवरी में 93 प्रतिशत रही थी। ट्रेनें देरी से चलने की लगातार शिकायतों के बीच कोटा मंडल के लिए यह समाचार राहत भरा है।
पैसेंजर ट्रेनें भी समय पर चलीं:
मेल-एक्सप्रेस के अलावा कोटा मंडल में लगभग सभी पैसेंजर ट्रेनें भी समय पर चलीं। हालांकि पंक्चुअलिटी की गणना में पैसेंजर ट्रेनों को शामिल नहीं किया जाता। इसका संभवत: यही कारण है कि यह ट्रेनें शायद ही कभी समय पर चलती हों। अगर पंक्चुअलिटी की गणना में इन ट्रेनों को शामिल किया गया तो किसी भी मंडल के सौ प्रतिशत पंक्चुअलिटी हासिल करना लगभग असंभव हो जाएगा।
100 ट्रेनों का होता है संचालन:
उल्लेखनीय है कि कोटा मंडल से चलने वाली और गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या सौ से अधिक है। इसमें मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर, मेमू और डेमू सभी तरह की ट्रेनें शामिल हैं।
#कोटा_मंडल #ट्रेन #समय_पालना #पंक्चुअलिटी #डीआरएम #केक
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.